Last Updated:
Agriculture News: फसल में फूल आने के बाद अब धनिया में फल आने शुरू हो गए हैं और यह धीरे-धीरे हार्वेस्ट भी होने लगा है. जड़ सहित उखाड़कर बेचने पर धनिया बाजार में 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है.
बिलासपुर. खेती में लागत कम और मुनाफा ज्यादा, यही सपना हर किसान देखता है. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के प्रगतिशील किसान जदूनंदन प्रसाद वर्मा ने चना और फल वाली धनिया की मिश्रित खेती कर इस सपने को हकीकत में बदल दिया है. उनका कहना है कि इस पद्धति से न केवल जोखिम कम होता है बल्कि बाजार भाव के उतार-चढ़ाव के बावजूद किसान को सुनिश्चित आमदनी मिलती है. जैविक तरीके से की जा रही यह खेती कम लागत में बेहतर उत्पादन और दोगुनी कमाई का रास्ता खोल रही है.
जदूनंदन प्रसाद वर्मा लोकल 18 को बताते हैं कि इस मिश्रित खेती में जितनी मात्रा में चना बोया जाता है, उतनी ही मात्रा में फल वाली धनिया की बुवाई की जाती है. दोनों फसलें साथ-साथ खेत में उगती हैं, जिससे जमीन का बेहतर उपयोग होता है और उत्पादन भी संतुलित रहता है.
एक नहीं तो दूसरी फसल देती है मुनाफा
इस खेती का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यदि किसी एक फसल का बाजार भाव कम भी हो जाए, तो दूसरी फसल से किसान को जरूर फायदा मिल जाता है. कई बार ऐसा भी होता है कि चना और धनिया दोनों की बाजार में जबरदस्त मांग रहती है, जिससे मुनाफा दोगुना हो जाता है.
कम लागत और जैविक खेती का लाभ
जदूनंदन प्रसाद वर्मा के अनुसार, इस मिश्रित खेती में ज्यादा रासायनिक खाद या कीटनाशक डालने की जरूरत नहीं पड़ती. उन्होंने एक एकड़ खेत में एक क्विंटल नीम की खली का उपयोग किया है. इसके परिणामस्वरूप चना और धनिया दोनों फसलों की ग्रोथ बेहतर हुई है और पौधे स्वस्थ हैं.
धनिया की कटाई शुरू
फसल में फूल आने के बाद अब धनिया में फल लगना शुरू हो गया है और धीरे-धीरे हार्वेस्ट भी होने लगा है. जड़ सहित उखाड़कर बेचने पर धनिया बाजार में ₹60 प्रति किलो तक बिक रहा है. खास बात यह है कि पूरा पौधा (पंचांग) बिक जाता है, जिससे किसान को अच्छी आमदनी मिलती है.
धनिया के बाद चना, दोगुनी कमाई तय
धनिया की बिक्री के बाद खेत में चना तैयार होगा, जिसे अलग से बाजार में बेचा जाएगा. इस तरह एक ही खेत से दो फसलों की आमदनी मिलती है और कुल मिलाकर किसान की कमाई दोगुनी हो जाती है.
किसानों के लिए प्रेरणा
जदूनंदन प्रसाद वर्मा का मानना है कि यदि किसान फल वाली धनिया और चना की मिश्रित खेती अपनाएं, तो कम लागत में अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं. यह मॉडल खासकर छोटे और मध्यम किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.