मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने किडनी रोग से पीड़ित एवं दिव्यांग नर्सिंग ऑफिसर से कार्यालय में अटैचमेंट कराने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
इलाज में सुविधा के लिए किया था आवेदन
जानकारी के अनुसार रोहनकला में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर पुष्पा बरकड़े गंभीर किडनी बीमारी से पीड़ित हैं और दिव्यांग भी हैं। नियमित इलाज में हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने सीएमएचओ कार्यालय में अटैचमेंट के लिए आवेदन किया था। मामला जनसुनवाई तक पहुंचा, जहां कलेक्टर ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए सीएमएचओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आदेश के बावजूद मांगे पैसे
पीड़िता का आरोप है कि कलेक्टर के निर्देश लेकर जब वह सीएमएचओ कार्यालय पहुंचीं, तो वहां पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी ने अटैचमेंट कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने 20 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोपी पूरी रकम पर अड़ा रहा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा कि बिना पैसे काम नहीं होगा। हालांकि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पढे़ें: ‘मेरे वक्तव्य को गलत संदर्भ में लिया गया’, पीडब्ल्यूडी मंत्री वाले बयान पर बोले कैलाश विजयवर्गीय
लोकायुक्त से की शिकायत
लगातार दबाव से परेशान होकर पुष्पा बरकड़े ने 22 जनवरी को जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को जैसे ही पीड़िता ने आरोपी को 50 हजार रुपये सौंपे, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
जांच जारी, विभाग में हड़कंप
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में और कौन-कौन शामिल है तथा क्या रिश्वत की राशि किसी अन्य अधिकारी तक पहुंचाई जानी थी। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.