चंडीगढ़ के गांव मलोया में मंगलवार रात दोस्ती के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोपियों ने युवक को फोन कर मिलने के लिए बुलाया और बातचीत के दौरान पीठ में चाकू घोंपकर फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन उसे PGI लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना मलोया के चार नंबर मकानों की है। मृतक की पहचान मोहित, निवासी मलोया के रूप में हुई है। चाकू शरीर के आर-पार हो गया था और इंटरनल ब्लीडिंग के चलते उसकी जान चली गई। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। तीनों आरोपी नाबालिग हैं। इनमें से चाकू मारने वाला आरोपी मोहाली के बहलोलपुर का रहने वाला है। तीनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पीठ में घोंपा चाकू, हार्ट हुआ पंक्चर मलोया थाना पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोहित सेक्टर-23 स्थित एक ज्वेलरी शॉप में काम करता था। आरोपी युवक मोहाली के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला नाबालिग है। पुलिस के अनुसार मोहित की एक युवती से दोस्ती थी, जो पहले आरोपी की दोस्त थी। इसी बात को लेकर आरोपी और उसके साथी मोहित से रंजिश रखने लगे थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ दिनों से मोहित को फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। मंगलवार रात आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान पीछे से आए आरोपी नाबालिग ने चाकू निकालकर मोहित की पीठ में घोंप दिया। चाकू दिल तक पहुंच गया, जिससे हार्ट पंक्चर हो गया और अंदरूनी नसें कट गईं। इससे भारी इंटरनल ब्लीडिंग हुई। PGI में तोड़ा दम, मर्डर का केस दर्ज खून से लथपथ हालत में मोहित को उसका भाई संदीप और अन्य लोग निजी वाहन से PGI लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मलोया थाना पुलिस ने बुधवार तड़के संदीप के बयान पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.