चुनाव संचालन की समीक्षा बैठक
दौरे के दौरान उपायुक्त ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के चुनाव के संचालन पर एक व्यापक समीक्षा बैठक की. इस दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे और उन्होंने उपायुक्त को चुनाव के सुचारु और विधिसम्मत आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी.
बैठक में बताया गया कि चंडीगढ़ में चुनाव “हाथ उठाकर मतदान (Show of Hands)” की प्रक्रिया से कराया जाएगा. इसके लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की गई है, जिसमें मतदान पूर्व की तैयारी, मतदान का क्रम, हाथ उठाने की प्रक्रिया, मतों की गणना, सत्यापन, अभिलेखीकरण और परिणामों की घोषणा के सभी विवरण शामिल हैं.
मतदान में बरती जाएगी पारदर्शिता
SOP के अनुसार, जब किसी विकल्प का नाम पुकारा जाएगा, तो पार्षद स्पष्ट रूप से अपना हाथ उठाएंगे. मतों की गणना दृश्य सत्यापन और मौखिक पुष्टि के माध्यम से की जाएगी. किसी भी तरह की अस्पष्टता से बचने के लिए मत रजिस्टर का संधारण और बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) में सही अभिलेख रखा जाएगा.
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि पूरी चुनावी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी और वीडियो रिकॉर्ड को कम से कम 90 दिनों तक या सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार सुरक्षित रखा जाएगा. पारदर्शिता के लिए मीडिया कवरेज और लाइव फीड की अनुमति भी दी जाएगी.
पंजाब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन अधिनियम, 1976 की धारा 60(क) के तहत, डॉ. रमनीक सिंह बेदी को 29 जनवरी 2026 को होने वाली बैठक का पीठासीन प्राधिकारी नियुक्त किया गया है. वे सुनिश्चित करेंगे कि चुनावी कार्यवाही विधि और SOP के अनुसार पूरी तरह व्यवस्थित हो.
चुनाव के दौरान पार्षद अपने समर्थक या सुरक्षा कर्मी अन्य राज्यों से नहीं लाएंगे. केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही नगर निगम परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी. चंडीगढ़ पुलिस को सभी पार्षदों और अधिकारियों की सुरक्षा देने, चुनाव के दौरान शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
बैठक में नामांकन प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई. मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया और समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाएगा. नामांकन की तिथियों की अधिसूचना सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी की जाएगी.
अधिकारियों को दिए निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जाए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और अपने दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए.
चंडीगढ़ प्रशासन ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आश्वासन दिया कि मेयर चुनाव शांतिपूर्ण, विधिसम्मत और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.