अब चार दिन बाद नाबालिग लड़के और उसके मामा के बेटे का शव रेस्क्यू टीम को मिला है. यहां पर 23 जनवरी को 5 फीट से अधिक बर्फबारी देखने को मिली है और दोनों बच्चे लापता हो गए थे.
जानकारी के अनुसार, विकसित राणा (19) और पीयूष (13) नाम के दो लड़कें 23 जनवरी को भरमाणी माता मंदिर के दर्शनों के लिए गए थे. इस दौरान पीयूष का डॉगी भी उनके साथ था. ये दोनों युवक अपने साथ कैंपिंग का सामान भी ले गए. विकसित घरेड़ का रहने वाला था, जबकि उसके मामा का बेटा पीयूष मलकोता का रहने वाला था. आशंका है कि इस दौरान भारी बर्फबारी में युवक वहां फंस गए और फिर उनकी मौत हो गई. हालांकि, पीयूष का डॉगी वहीं पर चार दिन से हिला नहीं और मालिक के शव के पास ही बैठा रहा. सोमवार को किसी तरह जब रेस्क्यू टीमें वहां पहुंची तो हैरान रह गई. कुत्ते को हल्की चोट भी गले में लगी है.
विकसित राणा अपने मामा के बेटे के साथ जंगल में कैंपिंग के लिए गए थे.
बाद में कुत्ते और पीयूष के शव को हेलीकॉप्टर से भरमौर हेलीपेड लाया गया, जहां से परिजनों को कुत्ते को सौंपा गया. बाद में विकसित का शव भी बरामद कर लिया गया. भरमौर से भाजपा विधायक जनक राज ने बताया कि दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं. उन्होंने बताया कि एक डॉगी को जिंदा रेस्क्यू किया गया है औऱ उसे परिजनों को सौंपा गया है. रेस्क्यू टीम में शामिल एक सदस्य ने बताया कि दोनों बच्चों की जान बचाई जा सकती थी. उन्होंने कहा कि जो हाल उन्होंने वहां देखा, उससे लग रहा था कि दोनों जिंदा बच सकते हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन की मदद का इंतजार नहीं करना चाहिए था. लोगों को बचाने के लिए जाना चाहिए था. क्योंकि उन्होंने गांव वालों से संपर्क किया था.
बताया जा रहा है कि 23 जनवरी को जब मौसम बिगड़ा और भारी बर्फबारी हुई तो दोनों युवक रास्ता भटक गए और लापता हो गए. परिजनों से 23 जनवरी की शाम को अंतिम बार बातचीत दोनों ने खुद को सुरक्षित बताया था, लेकिन इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया. सोमवार को पहले पीयूष का शव पहाड़ी पर एक पेड़ के पास बरामद किया गया. मौके पर उनके साथ गया कुत्ता भी मौजूद था. रेस्क्यू टीम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुत्ते को बेहोशी का इंजेक्शन देकर शव को सुरक्षित निकाला गया. इसके बाद दोपहर के समय पास के एक नाले से दूसरे युवक का शव भी बरामद मिला. दोनों शवों को हेलीकॉप्टर से भरमौर लाया गया. गौर रहे कि विकसित को भी डॉग पालने का शौक था.
डीसी चंबा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि भरमाणी माता की पहाड़ियों में लापता हुए दोनों युवकों के शव बराम कर लिए गए हैं. उन्होंने इस कठिन ऑपरेशन में स्थानीय प्रशासन, वायुसेना, पुलिस, पर्वतारोही दल और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया.

13 साल के बच्चे के शव के पास चार दिन तक उसका पालतु डॉगी मौजूद रहा और उसे छोड़कर नहीं गया.
वीडियो के चक्कर में गंवाई जान
गौरतलब है कि इससे पहले, ड्रोन और सेना के दो हेलिकाप्टर की भी मदद ली गई और इन लड़कों की तलाश की गई. रविवार को सेना के दो हेलीकॉप्टर भरमौर पहुंचे थे. लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला था. अहम बात है कि वीडियो शूट करने की चाहत में दोनों युवकों ने अपनी जान गंवा दी.
बीड़ में भी हुआ था ऐसा मामला
बीते साल फरवरी 2024 में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बीड़ बिलिंग में भी ऐसा ही मामला सामने आया था. यहां पर एक युवक औऱ युवती जंगल में बर्फ में फिसल गए थे और उनकी मौत हो गई थी. दोनों के साथ उनका पालतु कुत्ता भी था, जो दो दिन तक युवक के शव की रक्षा करता था. दोनों के शव बाद में बरामद किए थे और डॉगी को जिंदा बरामद किया गया था.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.