पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के छूटपानी गांव में 4 वर्षीय निर्मल हेम्ब्रम की हत्या का मामला पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में आरोपी देवेंद्र बोदरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बालक की मां बालेना हेम्ब्रम ने 26 फरवरी 2026 को मुफ्फसिल थाना में अपने बच्चे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर थाना कांड संख्या 36/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इचीडा निवासी देवेंद्र बोदरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। बच्चे द्वारा विरोध करने पर उसकी हत्या की पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मासूम के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का प्रयास किया। बच्चे द्वारा विरोध करने पर उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चुईगुटू पहाड़ क्षेत्र से बालक का शव बरामद किया। घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र बोदरा का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ बहामन टूटी, थाना प्रभारी विनोद कुमार, रितेश कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.