कामां थाना क्षेत्र के गांव नगला हरसुख (पाछौल) में बेटी की शादी से महज 9 दिन पहले एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। खेत से हरा चारा लेकर घर लौट रही महिला सरसों के खेत में टूटे पड़े 11 हजार केवी बिजली के तार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार नगला हरसुख (पाछौल) निवासी समय सिंह गुर्जर की 40 वर्षीय पत्नी संजो गुर्जर मंगलवार दोपहर खेत से चारा लेकर लौट रही थी। इसी दौरान खेत में टूटे पड़े बिजली के तार से करंट लग गया। पास ही सिंचाई कर रहे पति समय सिंह और ग्रामीणों ने महिला को तार से अलग कर तुरंत कामां अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर राजपाल यादव ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। बताया गया है कि संजो की बेटी पूजा और उनके बड़े भाई पूरन सिंह की बेटी रोशनी की शादी 19 फरवरी को होनी थी। 13 फरवरी को दोनों की लग्न-सगाई बरसाना थाना क्षेत्र के गांव डभारा में तय थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूचना पर भी विभाग ने नहीं की सुनवाई संजो गुर्जर की करंट से मौत ने बिजली विभाग की लापरवाही उजागर कर दी। गांव के बंध वाले जंगल में परिवार के 3 ट्यूबवेलों के लिए निकली 11 हजार केवी लाइन के क्रॉसिंग पाइंट पर स्पार्किंग हुई और तार सरसों के खेत में गिर गया। फसल में तार दिखाई नहीं दिया और महिला चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने बताया विभाग ने शिकायत पर भी सुनवाई नहीं की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.