भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मसदी गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। जमीन हड़पने की नीयत से एक महिला द्वारा अपने ही देवर पर ईंट से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में शिव शंकर मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उन्हें बचाने आई उनकी बेटी प्रीति के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।
पीड़ित की जमीन हड़पना चाहते हैं भाई और भाभी
पीड़ित शिव शंकर मंडल ने आरोप लगाया कि उनके कोई पुत्र नहीं हैं, केवल तीन बेटियां हैं। इसी बात को लेकर उनका भाई और भाभी उनकी जमीन हड़पना चाहते हैं और लंबे समय से उन्हें निशाना बना रहे हैं। शिव शंकर मंडल के अनुसार, 7 फरवरी को वे अपनी जमीन पर चौकी पर बैठे थे, तभी उनके भाई की पत्नी अनीशा देवी वहां पहुंची और जमीन के हिस्से को लेकर बहस करने लगी। बहस देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई और अनीशा देवी ने ईंट उठाकर शिव शंकर मंडल के सिर पर हमला कर दिया।
पिता के बाद बेटी से भी की मारपीट
घटना के दौरान जब उनकी बेटी प्रीति अपने पिता को बचाने दौड़ी, तो आरोपी महिला ने उसके साथ भी मारपीट की। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री को पहले सुलतानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
2023 में भी हुई थी ऐसी ही घटना
पीड़िता प्रीति ने बताया कि उन्हें कोई भाई नहीं है, इसी कारण चाचा-चाची लगातार उनके पिता और पूरे परिवार को प्रताड़ित करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में भी इसी जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें उनके चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, लेकिन कोर्ट से बेल करा ली गई थी।
ये भी पढ़ें: बंगाल के युवक ने बिहार में की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई गहार
आरोपियों की दबंगई अभी भी नहीं खत्म हुई और उन्होंने एक बार फिर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल पीड़ित परिवार ने सुलतानगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.