भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला शाम 7:00 बजे (IST) से शुरू होगा, जबकि इसके टॉस आधे घंटे पहले 6:30 बजे किया जाएगा. रायपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है.
बिलासपुर के निशान तिवारी ने बताया कि वे इस मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित हैं और टिकट भी खरीद चुके हैं. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिलासपुर से लोग रायपुर जा रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि रिंकू सिंह और अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर चलेगा और भारत ही यह मुकाबला जीतेगा.
वहीं जियाउल्लाह खान ने कहा कि उनकी फोर-व्हीलर गाड़ी तैयार है, सभी दोस्तों के हाथ में टिकट है और वे तुरंत रायपुर के लिए निकलने वाले हैं. उनका मानना है कि भारत के बल्लेबाज और गेंदबाज शानदार प्रदर्शन करेंगे.
घर पर भी मैच देखने की पूरी तैयारी
मोहम्मद इसराइल खान ने कहा कि वे स्टेडियम नहीं जा पा रहे हैं, लेकिन पूरे परिवार के साथ घर पर बैठकर मैच देखेंगे. पकोड़े और नाश्ते की तैयारी हो रही है ताकि मैच का पूरा मजा लिया जा सके.
नारायण लोनिया ने कहा कि रायपुर में इंटरनेशनल मैच होना बड़ी उपलब्धि है. वे किसी कारणवश स्टेडियम नहीं जा पा रहे हैं, लेकिन मोबाइल में जियोहॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन लेकर दोस्तों के साथ 7 बजे से मैच देखने का पूरा प्लान बना चुके हैं.
कैसा रहेगा रायपुर का मौसम
शुक्रवार 23 जनवरी को रायपुर में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. दिन में धूप रहेगी और शाम को भी आसमान साफ रहने की संभावना है. बारिश की कोई आशंका नहीं है. मैच के दौरान तापमान करीब 24 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. ओस का असर देखने को मिल सकता है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है.
कहां देखें लाइव मुकाबला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी, जहां दर्शक मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर मुकाबला देख सकेंगे.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन:
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, रचिन रवींद्र, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.