मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई है. खासकर अंबिकापुर, बलरामपुर, जशपुर और आसपास के इलाकों में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है. अगले तीन दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है.
तापमान की स्थिति
प्रदेश में अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.
प्रदेश में वर्षा के मुख्य आंकड़े शून्य रहे हैं. किसी भी प्रकार का सक्रिय साइनोप्टिक सिस्टम फिलहाल नहीं है, जिसके चलते पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है.
आज कैसा रहेगा मौसम?
आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि एक-दो पॉकेट में शीतलहर चल सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बना रहेगा.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर पड़ सकता है, विशेषकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है. दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. साथ ही एक-दो पॉकेट में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है.
राजधानी रायपुर में 28 दिसंबर को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. शहर का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.