प्रदेश भर में रहा शुष्क, कहीं नहीं हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. किसी भी क्षेत्र में वर्षा दर्ज नहीं की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.
वर्षा के आंकड़े सभी जिलों में शून्य दर्ज
प्रदेश में वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक रहे. किसी भी जिले से बारिश की सूचना नहीं मिली है, जिससे मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है.
सिनोप्टिक सिस्टम इन मौसमी कारणों से बदल रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र वहीं बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है.
इसके अलावा, पूर्वी हवाओं में एक द्रोणिका 85 डिग्री पूर्वी देशांतर और 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश के दक्षिण में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर औसत समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 135 नॉट की रफ्तार वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी बनी हुई है.
आज प्रदेश में रहेगा साफ और शुष्क
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. बारिश या किसी अन्य मौसमीय गतिविधि की संभावना नहीं है. आज के लिए मौसम विभाग द्वारा किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
आने वाले दिनों में तापमान स्थिर, मौसम शुष्क
दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है. न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा.
रायपुर में सुबह धुंध, दिन में हल्की गर्मी
राजधानी रायपुर में 24 जनवरी को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.