बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमही टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
कुसुमकसा से लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक- विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा, ग्राम गुजरा के निवासी थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात लगभग 9 बजे वे कुसुमकसा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जमही टोल प्लाजा के समीप अंधेरे में खड़े एक अज्ञात ट्रक के पिछले हिस्से से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।
पुलिस की कार्रवाई में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से तीनों शवों को जिला अस्पताल की मर्च्युरी भिजवाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लापरवाही बनी जानलेवा
प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे बिना किसी इंडिकेटर या सुरक्षा संकेतों के ट्रक खड़ा करना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन अब उस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गया है। इस घटना के बाद से ग्राम गुजरा में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.