सख्त अनुशासन और चौकसी के लिए पहचानी जाने वाली बीकानेर पुलिस इस बार होली के मौके पर पूरी तरह उत्सव के रंग में नजर आई। पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने एक साथ रंग-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर खाकी वर्दी भी थिरकती दिखाई दी और कुछ देर के लिए रैंक का फर्क भी मिट गया। कार्यक्रम में रेंज आईजी ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह और एएसपी बी.एल. मीणा सहित जिले के कई थानाधिकारी मौजूद रहे।
पंजाबी गाने को सुन थिरकने से खुद को रोक नहीं पाए एसपी
पंजाबी गीतों की धुन पर जब ‘हो गई तेरी बल्ले-बल्ले’ बजे तो एसपी कावेंद्र सिंह सागर खुद को रोक नहीं सके और जवानों के साथ नृत्य में शामिल हो गए। निरीक्षक और कांस्टेबल भी पूरे जोश के साथ थिरकते नजर आए। महिला पुलिस अधिकारी और महिला आरपीएस अधिकारियों ने भी रंगारंग प्रस्तुति देकर माहौल को और जीवंत बना दिया। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देने का सिलसिला देर तक चलता रहा।
क्या बोले आईजी?
रेंज आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे, विशेषकर पुराने शहर में अतिरिक्त बंदोबस्त किया गया था। ऐसे में यह सामूहिक आयोजन पुलिस परिवार के लिए सुकून और आपसी मेलजोल का अवसर बना।
ये भी पढ़ें: पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली फेस्टिवल, ढोल की थाप पर झूमे देसी-विदेशी सैलानी
थानों में भी बिखरे रंग
जिले के विभिन्न थानों में भी पुलिसकर्मियों ने सीमित समय में होली मनाई। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने जिम्मेदारी निभाते हुए भी उत्सव की भावना को जीवित रखा। खाकी के इन रंगीन पलों ने साफ कर दिया कि सख्ती और संवेदनशीलता साथ-साथ चल सकती हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.