आज मकर संक्रांति है। पटना समेत कई जिलों में धूप निकली है। लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठंड से लोगों को आज भी राहत नहीं मिली। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आठ जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में कोहरे ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राज्य में सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में दर्ज की गई, जहां दृश्यता घटकर मात्र 400 मीटर रह गई। मौसम विभाग ने सुबह के समय कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले सात दिनों तक बिहार में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे सुबह के समय आवागमन प्रभावित हो सकता है। विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। वहीं न्यूनतम तापमान भी अगले चार से पांच दिनों तक लगभग स्थिर बना रहने का अनुमान है।
भागलपुर और रोहतास सबसे ठंडा जिला रहा
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 14 जनवरी 2026 को बिहार के विभिन्न जिलों में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान किशनगंज में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर, रोहतास के डेहरी और औरंगाबाद में दर्ज हुआ। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री और न्यूनतम 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा। गया में अधिकतम 22.0 और न्यूनतम 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। भागलपुर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम 8.7 डिग्री रहा, जबकि पूर्णिया में अधिकतम 24.4 और न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों का तापमान आठ डिग्री से भी नीचे रहा
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में अधिकतम 21.6 और न्यूनतम 10.6 डिग्री रहा। सारण के छपरा में 21.7 और 9.0 डिग्री, दरभंगा में 22.4 और 9.2 डिग्री तथा सुपौल में 24.6 और 11.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अररिया के फारबिसगंज में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम 12.0 डिग्री रहा। मधुबनी में 23.2 और 9.9 डिग्री, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में 25.0 और 10.0 डिग्री तथा मधेपुरा में 23.0 और 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।रोहतास के डेहरी में अधिकतम 21.8 और न्यूनतम 7.0 डिग्री, बक्सर में 22.1 और 7.4 डिग्री तथा औरंगाबाद में 22.0 और 7.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। शेखपुरा में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, सीवान के जीरादेई में 7.1 डिग्री और अरवल में 8.8 डिग्री रहा। समस्तीपुर के पूसा में अधिकतम तापमान 22.7 और न्यूनतम 9.0 डिग्री दर्ज किया गया। सहरसा के अगवानपुर में 22.8 और 9.0 डिग्री, नालंदा के राजगीर में 22.2 और 10.6 डिग्री तथा जहानाबाद में 22.0 और 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
जानिए पटना के मौसम का हाल कैसा रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी पटना में 14 से 18 जनवरी तक सुबह के समय कोहरे का असर बना रहेगा। 14 और 15 जनवरी को सुबह मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, जबकि 16 से 18 जनवरी के बीच सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इस अवधि में पटना का अधिकतम तापमान लगभग 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से ठंड में हल्की राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और देर शाम ठंड का असर महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, 15 और 16 जनवरी को न्यूनतम तापमान घटकर 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 17 और 18 जनवरी को तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.