वैशाली जिले में होली से पहले शराब तस्करी के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। महुआ की उत्पाद टीम ने कटहारा थाना क्षेत्र के बक्सामा गांव स्थित नहर के पास छापामारी कर लग्जरी कार समेत तीन वाहनों से 491.040 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि छापामारी की भनक लगते ही शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग महुआ की टीम को रात में गुप्त सूचना मिली थी कि बक्सामा गांव के पास सुनसान इलाके में पिकअप गाड़ी से लग्जरी कार और बाइक पर शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद अधीक्षक भूपेंद्र कुमार के निर्देश पर उत्पाद थाना महुआ के उत्पाद निरीक्षक शंभू मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
लोड-अनलोड के दौरान मारी गई छापामारी
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नहर के किनारे पिकअप गाड़ी से लग्जरी कार और बाइक पर शराब अनलोड करते समय छापामारी की। इस दौरान 55 पेटियों से कुल 491.040 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जबकि अंधेरे का लाभ उठाकर शराब तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
बिना स्टीकर की शराब देख पुलिस भी हैरान
बरामद शराब की गिनती के दौरान पुलिस ने पाया कि 1470 बोतलों में से किसी पर भी स्टीकर नहीं लगा था। बिना स्टीकर की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस भी आश्चर्यचकित रह गई। सभी जप्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
उत्पाद निरीक्षक ने दी कार्रवाई की पुष्टि
महुआ उत्पाद निरीक्षक शंभू मिश्रा ने बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे बक्सामा गांव स्थित नहर के पास छापेमारी कर लग्जरी कार समेत तीन वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.