धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे एक छात्र का दावा है कि बिहार के गया से उसका अपहरण कर यहां तक लाया गया। मौका देख वो उनके चंगुल से भागा और धनबाद स्टेशन पहुंचा। यहां उसने रेलवे पुलिस को सारी कहानी बताई। छात्र रिशु कुमार ने बताया कि वो गया में किराय का रूम लेकर कंपिटिशन की तैयारी करता है। सोमवार को चार युवकों ने उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया। युवक उसे गया से धनबाद ले आए। रास्ते में वे हिंदी में बात कर रहे थे कि छात्र को दो दिनों तक झारखंड में रखेंगे। उन्होंने छात्र का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। मौका देखकर वहां से भागने में सफलता पाई छात्र ने बताया कि धनबाद पहुंचने के बाद, जब अपराधी रास्ते में चाय-पानी पीने के लिए रुके, तो उसने मौका देखकर वहां से भागने में सफलता पाई। अपराधियों ने उसका पीछा किया, लेकिन छात्र दौड़ते हुए सीधे धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा। उसने वहां राजकीय रेल थाना में जाकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। छात्र के स्टेशन पहुंचते ही अपराधी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह बिहार के वजीरगंज का रहने वाला है। उसने हाल ही में बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास की थी और जल्द ही उसका शारीरिक परीक्षण होने वाला था। अपराधियों ने जरूरी दस्तावेज भी फाड़ दिए छात्र के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने उसके सभी जरूरी दस्तावेज भी फाड़ दिए। छात्र का यह भी कहना है कि अपहरण के दौरान उसे नशीली दवा भी खिलाई गई थी, जिससे वह कुछ समय के लिए अचेत हो गया था। वहीं, राजकीय रेल थाना ASI मंगल मेल गार्डी ने बताया कि छात्र रिशु कुमार के परिजन धनबाद के लिए निकल चुके हैं। छात्र खुद चलकर यहां आया था। मेरे से सहयोग के रूप में मेरे मोबाइल से परिजन से बात की और पूरी कहानी बताया। इसके बाद छात्र के परिजन आने के बाद सुपुर्द कर दिया जाएगा। यहां पर किसी तरह का कोई लिखित शिकायत नहीं दिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.