पूर्णिया में एक सड़क दुर्घटना में प्रधानमंत्री आवास योजना के एक सहायक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही मधुबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
घटना मधुबनी थाना क्षेत्र के भोतहा मोड़ के पास की है। मृतक की पहचान चंपानगर वार्ड संख्या 16 निवासी स्वर्गीय वंशीधर मस्ताना के पुत्र पवन कुमार (35) के रूप में हुई है। वह पूर्णिया पूर्व प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना सहायक के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार पवन कुमार को सांस फूलने की बीमारी थी, इसलिए वह रोजाना सुरक्षा के मद्देनजर ऑटो से दफ्तर आते-जाते थे। लेकिन गुरुवार को वह अचानक बाइक से प्रखंड कार्यालय चले गए। शाम को ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के दौरान भोतहा मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पढ़ें: सदन में नहीं आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी पर कसा तंज, कहा- उनकी रुचि खत्म हो गई है
सूचना पर मधुबनी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
पवन कुमार अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मधुबनी थाना पुलिस ने बताया कि भोतहा मोड़ के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी मिली थी। आशंका है कि असंतुलित होकर गिरने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.