जमुई जिले से प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर मंदिर में विवाह कर लिया। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद यह मामला जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती की पहचान गिद्धौर प्रखंड के केरादो गांव निवासी सुनैना कुमारी के रूप में हुई है, जबकि युवक झाझा प्रखंड के धमना गांव का रहने वाला सुमन मंडल बताया जा रहा है। दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था, लेकिन परिवार की सहमति न मिलने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुनैना कुमारी खुद सामने आकर यह कहती नजर आ रही है कि वह सुमन मंडल से प्रेम करती है और अपनी मर्जी से उसके साथ शादी की है।
उसने वीडियो में यह भी कहा है कि परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर उसने यह निर्णय लिया है। साथ ही उसने यह आरोप लगाया कि यदि भविष्य में उसके पति के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए उसके माता-पिता जिम्मेदार होंगे। इस बयान के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
इधर, सुमन मंडल ने बताया कि वे दोनों पिछले दो वर्षोंं से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। हाल के दिनों में उन्हें आशंका थी कि सुनैना की शादी परिवार द्वारा कहीं और तय की जा सकती है। इसी डर के चलते दोनों ने 5 फरवरी को घर से निकलकर एक मंदिर में विवाह कर लिया। शादी के बाद इसका वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शनिवार को वीडियो के वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंचा। गिद्धौर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि दोनों बालिग हैं या नहीं तथा विवाह कानूनन वैध है या नहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.