कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कन्द्रपडीह गांव में एक बुजुर्ग ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 74 वर्षीय मणि साव (पिता निरपत साव) के रूप में हुई है। घटना बीती शाम की बताई जा रही है।
परिवार के लोगों ने उन्हें बेहोशी की हालत में रेलवे लाइन के पास पाया और तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रेलवे लाइन के पास बेहोश मिले
मृतक के बड़े पुत्र विनोद साव ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। शाम करीब पांच बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके पिता घर से सटी रेलवे लाइन के पास बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार कीटनाशक के सेवन से उनकी मौत हुई है।
पुणे में मजदूरी करते हैं चारों बेटे
बताया जा रहा है कि मणि साव के चार पुत्र हैं। सभी महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करते हैं। मनी साव अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते थे और बहुओं से अलग रहते थे। कुछ समय पहले तक वे घर के पास ही हीरोडीह की एक मिल में काम करते थे। गांव के लोगों के अनुसार वे सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में पारिवारिक तनाव की बात भी सामने आ रही है।
मछली खाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम घर में मछली खाने को लेकर उनका परिवार के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद मनी साव गुस्से में घर में रखा कीटनाशक लेकर रेलवे लाइन की ओर चले गए और वहीं उसका सेवन कर लिया।
इसी दौरान एक राहगीर की नजर उन पर पड़ी और उसने तत्काल उनके पुत्र को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.