भागलपुर जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज चर्च रोड पर शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां 22 वर्षीय कुंदन यादव उर्फ़ बुच्चो यादव की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक कंपनी यादव का दूसरा बेटा था और पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
हत्या का आरोप पड़ोसी शंकर महतो पर लगा है। घटना के बाद आरोपी शंकर महतो अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना पाते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में डीएसपी अजय कुमार चौधरी भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की।
पढे़ं: मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली तार; करंट लगने से छात्रा की मौत
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य इकट्ठा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस आरोपी और उसके परिजनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.