पूर्णिया में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक चार बच्चों के पिता ने एक नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है। जहां चार बच्चों के पिता ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर घर के पीछे स्थित मक्के के खेत में ले जाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन महलदार के रूप में हुई हैं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही निवासी गोलू उर्फ अर्जुन महलदार ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर घर के पीछे स्थित मक्के के खेत में ले जाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपनी माता को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने पुलिस बल के साथ तत्काल छापेमारी शुरू की। पुलिस की सक्रियता के कारण आरोपी गोलू उर्फ अर्जुन महलदार को कुछ ही घंटों में धर दबोचा गया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पढे़ं; समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक पर बनेगा दूसरा पुल, 75 साल पुराने लोहे के ब्रिज को तोड़ने की शुरुआत; जानें
घटना की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ 01 ज्योति शंकर ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध पर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस इस मामले में स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करेगी ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। इस घटना के बाद से गांव में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी कानूनी साक्ष्य जुटाने में लगी है।