मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
राजिम नेशनल हाइवे पर लगा लंबा जाम
राजिम कुंभ कल्प का आज आखिरी दिन होने की वजह से राजिम नेशनल हाइवे पर घंटों जाम लगा रहा. जाम बहाल कराने में प्रशासन के पसीने छूट गए, क्योंकि महाशिवरात्रि में भक्तों का बड़ा जन सैलाब उमड़ा है. राजिम कुंभ (कल्प) 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी पहुंचे हैं.
महाशिवरात्रि पर RTO जबलपुर ने हाईवे पर बांटा प्रसाद
जबलपुर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आरटीओ विभाग द्वारा अनोखी पहल की गई. हाईवे पर RTO विभाग के उड़नदस्ता दल ने वाहन चालकों को महादेव का प्रसाद वितरित किया. इस दौरान लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से ट्रक सहित अन्य वाहनों के ड्राइवरों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया. आरटीओ अधिकारियों ने प्रसाद वितरण के साथ हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन न चलाने को लेकर भी जागरूक किया। पहल को चालकों ने सराहा.
जबलपुर में दो निजी अस्पतालों पर एक-एक लाख का जुर्माना
जबलपुर में बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में जलाने के मामले में नगर निगम ने दो निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. कटंगी बाईपास स्थित मंगलम हॉस्पिटल और हेल्थ सिटी मल्टी स्पेशयल्टी हॉस्पिटल पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. दोनों अस्पतालों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं. संतोषजनक जवाब न मिलने पर अस्पताल सील करने की कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन, नगर निगम और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण में ईटीपी संचालित नहीं मिले और स्टाफ को खुले में बायोमेडिकल वेस्ट जलाते पाया गया.
पुलिस ने रोकी कार तो नाराज नगर पालिका अध्यक्ष ने तोड़ा साइन बोर्ड
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में महाशिवरात्रि के पर्व पर आयोजित अमृतधारा महोत्सव कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है. कार्यक्रम स्थल पर नगर पालिका अध्यक्ष की कार को पुलिस द्वारा रोके जाने को लेकर विवाद हुआ. इससे नाराज होकर नगर पालिका अध्यक्ष कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गईं. आरोप है कि गुस्से में वाहन में लगे साइन बोर्ड को तोड़कर कार्यक्रम स्थल में फेंक दिया गया. घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. बताया जा रहा कि पुलिस द्वारा सुरक्षा कारणों से वाहन रोके जाने पर यह विवाद हुआ.
भोपाल फर्नीचर फैक्ट्री और प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग, खतरे में बस्ती
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क में जल्द आएंगे 8 और चीते, हेलीकॉप्टर से होगा ट्रांसपोर्ट
श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में जल्द 8 और चीते लाए जाएंगे. इस बार चीते बोत्सवाना से वायुसेना के हेलीकॉप्टर से कूनो पहुंचेंगे. कूनो में तेजी से तैयारी की जा रही है, जिसमें पार्क के अंदर पांच नए हेलीपैड बनाए गए हैं. जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह चीते पार्क में रिलीज करेंगे.
रायगढ़ के बाबा धाम में मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि पर की पूजा-अर्चना
रायगढ़ के बाबा धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने डीएमएफ मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने सभी को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं.
बारात में राई विवाद बना खूनी, दूल्हे के दोस्त ने नाबालिग को मारी गोली
बारात में राई न बजाने को लेकर विवाद के बाद दूल्हे के दोस्त प्रशांत पटेल ने नशे की हालत में अवैध पिस्टल से एक नाबालिग के सीने पर गोली चला दी. शुरुआत में मामला हर्ष फायरिंग का लग रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सच्चाई सामने आई. वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया, जिसकी भागते समय पिस्टल लिए तस्वीरें कैमरों में कैद हो गईं. पुलिस ने पिस्टल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के परिजनों ने शासन से 50 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है.
11 दिन से लापता युवक का शव मंडला में मिला
मंडला के टिकरिया थाना क्षेत्र में 11 दिन से लापता युवक का शव मधुवन ढाबा के पास मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुमित काछी, निवासी घाना (थाना तिलवारा, जबलपुर) के रूप में हुई है. वह 11 फरवरी से लापता था और परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसे आखिरी बार मंडला की ओर जाते देखा गया था. टिकरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भोपाल: गांधी नगर में 5 महिलाओं ने टीवी फैक्ट्री से चोरी की, सीसीटीवी में कैद
भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक टीवी फैक्ट्री में पांच महिलाओं ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. महिलाएं योजना बनाकर एक को ऊपर उठाकर अंदर प्रवेश कराती हैं और 55 इंच, 50 इंच और 32 इंच के ब्रांडेड टीवी बोरी में भरकर ले गईं. फैक्ट्री संचालक ने मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है. आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं.
महाशिवरात्रि पर भव्य शिव बारात और महादेव-भोजपुर महोत्सव का आयोजन
भोपाल में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों में विशेष तैयारी की गई है. सुबह 11 बजे भव्य शिव बारात निकलेगी, जिसमें चांदी के नंदी पर सवार बाबा बटेश्वर दूल्हा स्वरूप में होंगे. भोजपुर मंदिर में ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’ का आयोजन होगा. श्रद्धालुओं के लिए यह बारात मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी. प्रदेश के प्रसिद्ध बैंड और विभिन्न प्रांतों के नृत्य मंडल पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे. इस बार पहली बार 50 से अधिक बालिकाओं का नृत्य दल भी शामिल होगा.
बलरामपुर में अवैध गांजा तस्करी का खुलासा
बलरामपुर में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की. मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कोरबा निवासी आरोपी और एक नाबालिक को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से 4 किलो से अधिक अवैध गांजा जप्त किया गया. आरोपी बाइक से गांजा बेचने आया था। शंकरगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया.
इंदौर: संयोगितागंज में पुराना मकान गिरा
इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र के मुराई मोहल्ले में कई सालों पुराना मकान गिर गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद हुआ, जिसमें पार्षद पति ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पर मकान के पास गुमटी रखकर कब्जा करने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ड्रेनेज लाइन के काम के दौरान जेसीबी के धक्के से मकान क्षतिग्रस्त हुआ. संयोगितागंज पुलिस, नगर निगम और एमपीईबी की टीम मौके पर पहुंची. घटना कल रात हुई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई.
टीकमगढ़ के कुंडेश्वर शिव धाम में शुरू हुई भक्ति और धूमधाम की तैयारियां
टीकमगढ़ के कुंडेश्वर शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे बुंदेलखंड से श्रद्धालु बाबा महादेव के दर्शन के लिए पहुंचे. मंदिर में लंबी-लंबी कतारें लगी हैं. बुंदेलखंड के प्राचीन शिव धाम कुंडेश्वर में आज धूमधाम से बाबा महादेव की बारात निकलेगी, रात्रि जागरण का विशेष महत्व रहेगा और सुबह से विवाह की तैयारियां और बाबा महादेव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा.
CM मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम इस प्रकार है- सुबह 10 बजे वे बड़वाले महादेव मंदिर में पूजन-अर्चना करेंगे, दोपहर 1:40 पर नवग्रह शक्तिपीठ डबरा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 4:15 पर उज्जैन पहुंचकर विक्रम महोत्सव एवं विक्रम व्यापार मेला का शुभारंभ करेंगे.
महाशिवरात्रि पर CM मोहन ने दी भक्तों को शुभकामनाएं
भोपाल में महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए सभी को भगवान भोलेनाथ की भक्ति का महापर्व मनाने की बधाई दी. उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि सभी पर अपनी कृपा बनी रहे.
ओम त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥भगवान भोलेनाथ की भक्ति के महापर्व महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
देवाधिदेव महादेवजी से प्रार्थना है कि हम सभी पर अपनी कृपा बनाएं रखें। सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.