अरवल के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो गाड़ी पटना-औरंगाबाद नहर रोड पर उमैराबाद नहर के पास एक गड्ढे में पलट गई। गाड़ी में दो लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना मछली मार्केट के समीप हुई। दुर्घटना होते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए कड़ी मशक्कत के बाद पलटी हुई स्कॉर्पियो को सीधा कर उसमें फंसे लोगों को बचाया। सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि औरंगाबाद जिले के गोह निवासी रंजय सिंह अपनी स्कॉर्पियो से पटना जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। सूचना मिलने पर गश्ती दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने वाहन सवार लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। सभी के सुरक्षित पाए जाने पर चालक को समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.