मध्य प्रदेश की लेटेस्ट खबरें
-गौकशी को लेकर कांग्रेस का निगम दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन
शहर में स्लॉटर हाउस में गौकशी की पुष्टि होने के बाद कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है. शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन कर रहे नेताओं का कहना था कि गौकशी जैसी घटनाएं न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के चलते यह मामला सामने आया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी.
-रालामंडल बायपास पर भीषण सड़क हादसा, पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा की दर्दनाक मौत
इंदौर की सड़कों पर शुक्रवार रात जो हुआ, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. रालामंडल बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और ट्रांसपोर्ट व्यापारी मन सिमरन सिंह संधू की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, सभी दोस्त रालामंडल की ओर से विजय नगर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार में वाहन का संतुलन बिगड़ा और गाड़ी भीषण हादसे का शिकार हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

-100 साल बाद एमपी में लौटेंगे जंगली भैंसे, असम से होगा बड़ा वन्यजीव आदान-प्रदान
मध्यप्रदेश को जल्द ही 50 जंगली भैंसे, एक गैंडा और कोबरा मिलने जा रहे हैं. इसको लेकर मोहन यादव और हिमंत बिस्वा सरमा के बीच वन्यजीव आदान-प्रदान पर सहमति बनी है. यह प्रक्रिया तीन साल में तीन चरणों में पूरी होगी. इसके बदले मध्यप्रदेश, असम को एक जोड़ा टाइगर और छह मगरमच्छ देगा. करीब 100 साल बाद जंगली भैंसों की एमपी में वापसी होगी. शुरुआती तौर पर इन वन्यजीवों को वन विहार में रखा जाएगा, जहां निगरानी और अनुकूलन की व्यवस्था की जाएगी.
-सीधी को आज विकास की बड़ी सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे 201 करोड़ के कामों का लोकार्पण-शिलान्यास
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सीधी जिले के बहरी प्रवास पर रहेंगे. वे यहां हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को 201 करोड़ रुपये की लागत वाले 209 विकास कार्यों की सौगात देंगे. इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 179 कार्यों का लोकार्पण और 133 करोड़ रुपये के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है. इसके साथ ही ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रुपये की सहायता राशि भी वितरित की जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.