चिनार ड्रीम सिटी में फिर लिफ्ट हादसा! दो घायल, पहले भी जा चुकी है एक बुजुर्ग की जान
भोपाल स्थित चिनार ड्रीम सिटी में एक बार फिर लिफ्ट गिरने का मामला सामने आया है. हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले इसी परिसर में लिफ्ट गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी. बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया. लगातार हो रहे हादसों से रहवासियों में डर का माहौल है और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं.
भगोरिया हाट में बवाल! फोपनार में मेले की मस्ती बनी अखाड़ा, पुरानी रंजिश पर दो पक्ष भिड़े
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्राम फोपनार में होली से पहले लगने वाले पारंपरिक भगोरिया हाट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. कहासुनी इतनी बढ़ी कि विवाद झगड़े में बदल गया. इस दौरान एक युवक के सिर पर हाथ का कड़ा लग गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है. मौके पर मौजूद शाहपुर पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
रतलाम में 2.46 करोड़ की हेरोइन जब्त! बिलपांक टोल पर NCB की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के रतलाम में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 46 लाख रुपये कीमत की 352 ग्राम हेरोइन जब्त की है. यह कार्रवाई नीमच केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने की. बिलपांक टोल नाके पर संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें मादक पदार्थ बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि हेरोइन तस्करी कर इंदौर ले जाई जा रही थी. मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है.
ग्वालियर पहुंचा विशेष विमान, बोत्स्वाना से लाए गए 9 चीते अब कुनो की धरती पर
बोत्स्वाना से 9 चीते लेकर विशेष विमान ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा. यहां एक्सपर्ट टीम ने सभी चीतों की प्राथमिक जांच की. इसके बाद एयरफोर्स के तीन हेलीकॉप्टरों से उन्हें कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना किया गया. दो हेलीकॉप्टरों में चीते और एक में विशेषज्ञों की टीम सवार रही. सुबह 9:30 बजे कुनो में लैंडिंग के बाद चीतों को सुरक्षित बाड़ों में रखा जाएगा. अगले एक महीने तक उन्हें क्वारंटाइन में रखकर स्वास्थ्य और व्यवहार पर नजर रखी जाएगी.
राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान आज से शुरू, अजमेर से पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से आज राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के अजमेर से अभियान का शुभारंभ करेंगे. यह अभियान अगले तीन माह तक देशभर में चलाया जाएगा. मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद रहेंगे. सुबह 11:30 बजे डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल भोपाल में राज्य स्तरीय आयोजन होगा.
राजधानी के 50 इलाकों में आज बिजली कटौती, मेंटेनेंस कार्य के चलते अलग-अलग समय पर सप्लाई बाधित
राजधानी में आज मेंटेनेंस कार्य के कारण करीब 50 इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. सुबह 9 से 11 बजे तक विधान एलिना, शिवालय, गिरधर परिसर, मंगेश हाइट्स, विनीत कुंज बी सेक्टर और पार्क सेरेना कॉलोनी में कटौती होगी. 10 से 1 बजे तक पुतलीघर, इंद्रा नगर, न्यू राजीव नगर सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. 10 से शाम 5 बजे तक गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया समेत कई कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी. दोपहर 12 से 4 बजे तक फॉरच्यून कस्तूरी और शहस्त्र बाहु नगर क्षेत्र में सप्लाई बाधित रहेगी. नागरिकों से जरूरी काम पहले निपटाने की अपील की गई है.
सीएम डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर, स्थानीय कार्यक्रम में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नई दिल्ली दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दिल्ली में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान विभिन्न विषयों पर सहभागिता और मुलाकातों का भी कार्यक्रम संभावित है. दौरे को प्रशासनिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है. शाम तक उनके भोपाल लौटने की संभावना है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.