मध्य प्रदेश की लेटेस्ट खबरें
– रतलाम, शिवपुरी, रायसेन के स्कूलों में छुट्टी, सागर में बदला समय
कड़ाके की ठंड की वजह से प्रदेश के तमाम जिलों के स्कूलों में छुट्टी की जा रही है. इसी क्रम में रतलाम जिले में कड़ाके की सर्दी को देखते हुए नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कलेक्टर के निर्देश पर अवकाश घोषित किया गया है. 5 और 6 जनवरी को सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी. इसी तरह रायसेन में भी छुट्टी घोषित की गई है. 5 से 7 जनवरी तक नर्सरी से कक्षा पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा. शिवपुरी में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों में 5 और 6 जनवरी को बंद रहेंगे. हालांकि, सागर में स्कूलों की छुट्टी नहीं, बल्कि समय में बदलाव किया गया है. नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9:30 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी.
– नीमच मंडी चुनाव: रिकॉर्ड 89.3% मतदान, गर्ग-भारद्वाज के बीच कांटे की टक्कर
नीमच कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ चुनाव में इस बार रिकॉर्ड 89.3 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जिसे लोकतंत्र की बड़ी ताकत के रूप में देखा जा रहा है. कुल 1001 पंजीकृत मतदाताओं में से 894 व्यापारियों ने मतदान किया. रविवार को सुबह से ही मंडी परिसर में गहमागहमी रही और बढ़ती भीड़ को देखते हुए मतदान समय बढ़ाकर शाम 6 बजे तक करना पड़ा. अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष राकेश भारद्वाज और गोपाल गर्ग के बीच सीधा मुकाबला है, जहां हर वोट निर्णायक माना जा रहा है. चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और देर रात 10 से 11 बजे के बीच परिणाम आने की संभावना है.
– खंडवा: मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदे मरीज की मौत
खंडवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां चौथी मंजिल से कूदने पर एक मरीज की मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई. मृतक की पहचान चीराखदान निवासी लाल बादशाह उर्फ़ सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो बीते चार दिनों से टांग टूटने के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था. अस्पताल स्टाफ के अनुसार मरीज बार-बार घर जाने की जिद कर रहा था. घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधन और पुलिस जांच में जुट गई है.
भागीरथपुरा में दूषित पानी मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुलाई आपात बैठक
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले पर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. इसी कड़ी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रेसीडेंसी कोठी पर BJP विधायकों और अधिकारियों की अहम बैठक बुलाई. बैठक के दौरान और बाद में विजयवर्गीय मीडिया के सवालों से बचते नजर आए. वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता मौके की स्थिति को नियंत्रित करना है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जहां-जहां पानी को लेकर शिकायत मिल रही है, वहां सुधार कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है. अन्य सवालों पर महापौर टिप्पणी किए बिना रवाना हो गए.
भागीरथपुरा कांड: जीतू पटवारी बोले… इंदौर कलंकित हुआ! मार्च निकालेगी कांग्रेस

इंदौर भागीरथपुरा में दूषित पानी से हालिया मौतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, “लोगों की मौत जहरीली शराब से नहीं, बल्कि जहरीला पानी पीने से हुई है, जिससे इंदौर कलंकित हुआ.” पटवारी ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने घोषणा की कि 11 जनवरी को कांग्रेस बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक मार्च निकालेगी. पटवारी ने इसे “जनता के वोट की मौत” करार देते हुए अधिकारियों और महापौर पर हत्या का प्रकरण दर्ज करने की भी मांग की.
ग्वालियर और आगर मालवा में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल दो दिन बंद
ग्वालियर में बढ़ती सर्दी और शीतलहर को देखते हुए स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक अवकाश घोषित किया गया है. कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए 5 और 6 जनवरी को सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में छुट्टी रखने के निर्देश दिए हैं. इसी तरह आगर मालवा जिले में भी कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए दो दिन का अवकाश घोषित किया है. प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ठंड से बचाव के उचित इंतज़ाम करने की अपील की है.
भिंड: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, चालक गिरफ्तार
भिंड के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की जान चली गई. नेशनल हाईवे-719 के डायवर्सन रोड, शांति विहार एमजेएस कॉलेज के पास तेज रफ्तार कैंटर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया. क्षेत्र में आए दिन हो रहे हादसों से लोगों में नाराजगी है.
मंदसौर में दो तो उज्जैन में एक दिन की स्कूलों में छुट्टी, जानें आदेश
मंदसौर में शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने नर्सरी से आठवीं कक्षा तक दो दिन का अवकाश घोषित किया है. आदेश के अनुसार 5 और 6 जनवरी को जिले के सभी शासकीय व अशासकीय स्कूल बंद रहेंगे. इसी तरह उज्जैन में भी अत्यधिक ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए सोमवार, 5 जनवरी को नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चे ठंड से बचाव के आवश्यक इंतज़ाम करें.
– भोपाल: ठंड के चलते बदला स्कूलों का समय, 5 जनवरी से इस समय से लगेंगी कक्षाएं

– भिंड: नगर पालिका में नौकरी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, 99 पीड़ितों ने की शिकायत
भिंड में नगर पालिका में नौकरी लगाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि नगर पालिका के अस्थायी कर्मचारी अतुल श्रीवास्तव ने पंप ऑपरेटर, चपरासी सहित अन्य पदों पर अस्थाई नियुक्ति दिलाने का लालच देकर एक-एक से डेढ़-डेढ़ लाख रुपए तक वसूले. आरोपित ने सीएमओ के फर्जी साइन कर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए और एक ऐप के जरिए पीड़ितों से ऑनलाइन हाजिरी भी लगवाता रहा. ज्वाइनिंग के दबाव के बाद वह फरार हो गया. अब तक 99 लोगों ने शहर कोतवाली में शिकायतें दर्ज कराई हैं. थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
– भोपाल की भाजपा पार्षद ब्रजुला सचान का जाति प्रमाण पत्र संदिग्ध, नोटिस

भोपाल के वार्ड 31 की भाजपा पार्षद ब्रजुला सचान के जाति प्रमाण पत्र पर सवाल उठ गए हैं. टीटी नगर SDM अर्चना शर्मा ने प्रमाण पत्र की जांच के लिए ब्रजुला सचान को नोटिस जारी करते हुए 23 जनवरी को कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अनुपस्थित रहने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी. कोलार निवासी और पूर्व प्रत्याशी शैलेश सेन ने प्रमाण पत्र को चुनौती दी है. उनका आरोप है कि पार्षद ने पिता की जगह पति के नाम पर संदिग्ध प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव जीता. इससे पहले भी दो नोटिस जारी हो चुके हैं.
– मसूरी घूमने गए सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, भोपाल पुलिस जांच में जुटी

भोपाल के अशोका गार्डन निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष की मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. हर्ष 1 जनवरी को दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने मसूरी पहुंचा था. 2 जनवरी की रात साथी भावना वर्मा का बर्थडे सेलिब्रेशन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने गया, लेकिन शनिवार सुबह वह मृत मिला. डायल-112 के जरिए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. हिमाचल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. परिजन बॉडी लेने रवाना हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद होगा.
– खंडवा में कांग्रेस ने विधायक कंचन तनवे के निवास के बाहर “घंटा बजाओ” प्रदर्शन किया. इंदौर में गंदा पानी पीने से हुई मौतों और कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया. कांग्रेसियों ने त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग का पहला घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने 100 मीटर पहले रोक दिया. विरोध के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
– बुरहानपुर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में कांग्रेस का ‘घंटा बजाओ’ आंदोलन पूरी तरह फीका रहा. विधायक अर्चना चिटनिस के बंगले का घेराव लक्ष्य था, लेकिन मैदान में केवल दर्जनभर कांग्रेसी ही पहुंचे. कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच प्रदर्शनकारी न बंगले के पास पहुंच सके और न ही प्रभावी नारेबाजी कर पाए. भीड़ न जुट पाने से कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आई और आंदोलन मिनटों में ही खत्म हो गया.
– मंदसौर में कांग्रेस ने घंटा प्रदर्शन करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता के घर का घेराव किया. दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, इस दौरान पुलिस से धक्कामुक्की हुई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई. प्रदर्शनकारी कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

– भोपाल के रविंद्र भवन में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कार्यक्रम में पहुंचे. इस दौरान सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमारे अंदर शिव स्थापित हों. पंच तत्वों से बना हुआ शरीर शिव के बिना शव के समान है. लोग भारत और भारत की अच्छाइयों पर आक्रमण करते हैं. 1000 साल के बाद आज उनका अता-पता नहीं, जिसने हमारी आस्था को तोड़ने का प्रयास किया था. हमारे सनातन धर्म ने कभी किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं सोची. उस कायरता के दौर में मंदिर को नष्ट करने की कोशिश की गई लेकिन आज हमारी धरोहर और सुंदर रूप में है. एक तरफ श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं और दूसरी तरफ शिव. महादेव हमें धैर्य की शक्ति देते हैं. हम सब पर महादेव की कृपा बनी रहे.
– भोपाल में अब सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और कमेंट करना महंगा पड़ेगा. ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी. भोपाल कमिश्नर ने इस संबंध में आदेश जारी किए. आदेश के मुताबिक, सांप्रदायिक पोस्ट पर कमेंट और क्रॉस कमेंट के कारण समाज में ज्यादा वैमनस्य फैलता है. ऐसा करने वालों पर नजर रखी जा रही है. ऐसे सोशल मीडिया यूजर्स पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत कार्रवाई होगी.
– मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा अमर्यादित बयानबाजी और इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के विरोध में भिंड जिला कांग्रेस कमेटी आज प्रदर्शन करेगी. शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया पिंकी और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में संयुक्त रूप से दोपहर 12 बजे इंदिरा गांधी चौराहे से एकत्रित होकर भिंड-दतिया सांसद संध्या राय के बंगले का घेराव कर घंटा बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा. घेराव में विधायक, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सभी ब्लॉक पदाधिकारी शामिल होंगे.
– भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. बागमुगलिया इलाके में घर में घुसकर बदमाशों ने कोहराम मचाया. महिला का सिर फोड़ा और उसके पति के साथ भी मारपीट की. पति का पैर फ्रैक्चर हो गया है. दंपति ने आरोपियों को शराब पीकर हंगामा करने और गाली-गलौज करने से रोका, तो उन्होंने गाड़ी में आग लगा दी. इसमें जिंदा बकरा जल गया. घर पर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी. तीन लोगों पर हमले का आरोप है. बगमुगलिया थाने में FIR दर्ज हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
– श्योपुर में 12 साल की स्कूली छात्रा से दरिंदगी की घटना सामने आई है. विजयपुर थाना इलाके की क्वारी नदी के पास की यह घटना है. बच्ची की चीख सुनकर लोग वहां पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. आरोपियों की जमकर पिटाई की. बाद में उन्हें पुलिस के हवाले किया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.