बेतिया जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और मिशन शक्ति योजना के तहत जिला पदाधिकारी के निर्देश पर हुआ। जिला ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW) ने 50 स्कूली छात्राओं को ट्रैक सूट वितरित किए। ट्रैक सूट वितरण के बाद छात्राओं के लिए मिनी मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कविता रानी ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को सशक्त करना था। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अल्पाहार भी दिया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कविता रानी, जिला परियोजना प्रबंधक अभिषेक कुमार, जिला मिशन समन्वयक डीएचईडब्ल्यू (मिशन शक्ति) अर्जुन कुमार, लेखा सहायक गौतम कुमार राज और सहयोगी संस्था प्रयास के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.