Local 18 की टीम ने शाम 7 बजे बेगूसराय रेलवे स्टेशन से ग्राउंड रिपोर्ट की. इस दौरान प्लेटफॉर्म पर ठंड से ठिठुरते यात्री घंटों से अपनी ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए. यात्रियों ने बताया कि आधुनिक सुरक्षा और सिग्नलिंग सिस्टम जैसे कवच, एंट्री पॉल्यूशन डिवाइस और इंटरलॉकिंग रूट मैनेजमेंट सिस्टम लागू होने के बावजूद ट्रेनों की गति धीमी है, जिससे देरी लगातार बढ़ रही है. यात्रियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ट्रेनों का इस तरह लेट होना कहीं न कहीं रेलवे के सिस्टम को फेल होना दिखाता है.
यात्रियों ने बयां की परेशानी
वहीं, स्टेशन पर मौजूद यात्री विनोद महतो ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाना है. उनकी ट्रेन शाम 4 बजे बेगूसराय पहुंचने वाली थी, लेकिन अब सूचना मिल रही है कि ट्रेन रात 8 बजे के बाद आएगी. उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए स्टेशन पर न तो पर्याप्त अलाव की व्यवस्था है और न ही कोई बंद प्रतीक्षालय, जिससे यात्रियों को खुले प्लेटफॉर्म पर ही समय बिताना पड़ रहा है.
एक अन्य यात्री संतोष ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि घंटों इंतजार के बावजूद ट्रेनों के सही समय की जानकारी नहीं मिलती. ठंड लगातार बढ़ रही है, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं. प्लेटफॉर्म पर कई बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी बैठे दिखे, जिनके लिए यह इंतजार और अधिक कठिन हो गया है.
रेल यात्री संघ ने उठाए सवाल
इस बीच रेल यात्री संघ के सचिव राजीव कुमार ने Local 18 से बातचीत में बताया कि कोहरे के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं और स्थिति लगातार बिगड़ रही है. उन्होंने कहा कि यात्रियों को न तो ट्रेनों के सही समय की जानकारी मिल पा रही है और न ही स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने रेल प्रशासन द्वारा घोषित हाईटेक सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ट्रेनों में आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं, तो फिर देरी क्यों हो रही है. क्या ट्रेनों में कवच, एंट्री पाल्यूशन डिवाइस, इंटरलॉकिंग रूट मैनेजमेंट सिस्टम काम नहीं कर रहे हैं, क्या सारे उपकरण नकली लगें हुए हैं.
ट्रेन लेट होने की जानकारी में भी असमंजस
चिंता की बात यह है कि सोनपुर मंडल के पीआरओ भी ट्रेनों की सटीक स्थिति बताने में असमर्थ नजर आए. Local 18 की टीम ने कई बार जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन स्पष्ट अपडेट उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे यात्रियों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी रही है.
बेगूसराय से गुजरने वाली लेट ट्रेनों का अपडेट (ग्राउंड रिपोर्ट के समय तक)
- राधिकापुर–आनंद विहार एक्सप्रेस: लगभग 4 घंटे लेट (3:48 की जगह रात 7:37 के बाद)
- आम्रपाली एक्सप्रेस (अमृतसर–कटिहार): करीब 3 घंटे लेट
- कोसी एक्सप्रेस (हटिया–पूर्णिया कोर्ट): लगभग 1.5 घंटे लेट
- 15566 वैशाली एक्सप्रेस: 8 घंटे 17 मिनट लेट, फिलहाल यूपी के बस्ती में
- 63303 कटिहार-समस्तीपुर पैसेंजर: 3 घंटे से अधिक लेट
- 15654 गुवाहाटी-अमरनाथ एक्सप्रेस: करीब 9 घंटे लेट
- 12204 दिल्ली-सहरसा गरीब रथ: लगभग 5 घंटे लेट
- 12488 दिल्ली-जोगबनी एक्सप्रेस: करीब 3.5 घंटे लेट
- 12506 दिल्ली-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: लगभग 5.5 घंटे लेट
कुल मिलाकर, कोहरे के इस दौर में रेल व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है और इसका सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों पर पड़ रहा है. ठंडी रात में घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना यात्रियों के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है. वहीं, सही जानकारी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में रेलवे प्रशासन की तैयारियां भी सवालों के घेरे में नजर आ रही हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.