कोटा के बाल संप्रेषण गृह से फरार हुए बाल अपचारी के साथ एक अन्य अपराधी को बारां पुलिस ने हथियारों के साथ पकड़कर बड़ी वारदात टाल दी। ऑपरेशन शस्त्र प्रहार के तहत पुलिस ने फायरिंग की साजिश रच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। दोनों कोटा से हत्या की सुपारी लेकर बारां पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि कोतवाली थाना प्रभारी योगेश चौहान की टीम रविवार रात न्यू मोटर मार्केट, शाहाबाद रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। बंद दुकानों के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को डिटेन किया। तलाशी लेने पर वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल निवासी कंसुआ कोटा के पास से एक देशी कट्टा और एक कारतूस मिला। उसके साथ मौजूद नाबालिग के कब्जे से एक देशी पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: उदयपुर में स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधि का खुलासा, संचालिका समेत चार गिरफ्तार
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों पहले कोटा स्थित राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह में निरुद्ध थे। 1 फरवरी को वे सात अन्य साथियों के साथ वहां से फरार हो गए थे। फरारी के बाद उन्होंने कोटा के अनंतपुरा और बोरखेड़ा क्षेत्र में लूट की वारदातें भी की थीं।
पुलिस के अनुसार अब दोनों बारां में किसी व्यक्ति पर फायरिंग करने के लिए सुपारी लेकर आए थे और मौके की तलाश में थे। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो गंभीर वारदात हो सकती थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी वीरेंद्र सिंह और उसके साथ पकड़े गए नाबालिग के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट सहित करीब दस-दस प्रकरण दर्ज हैं। बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर संप्रेषण गृह भेजा गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.