औरंगाबाद में आज दो अलग-अलग जगह पर हुए सड़क हादसों में 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पहली घटना नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी जीटी रोड पर पीपरडीह मोड़ के पास हुई, जहां एक सीएनजी ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो पर सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के बनौली गांव निवासी अर्जुन पासवान के बेटा रोशन कुमार, वीरेंद्र राजवंशी के बेटा विक्रम कुमार, प्रेम सिंह के बेटा विभांशु कुमार, निरंजन पासवान के बेटा रोहित कुमार, प्रीतमपुर गांव निवासी रमेश पासवान के बेटा अंकित कुमार, राम जी राम के बेटा पवन कुमार, सूरज कुमार और रसगानी गांव निवासी ऑटो चालक अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। उमगा मेला घूमने जा रहे थे सभी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायलों के परिजनों ने बताया कि सभी लोग बनौली गांव से सीएनजी ऑटो पर सवार होकर मदनपुर प्रखंड स्थित उमगा मेला घूमने जा रहे थे। औरंगाबाद शहर पार करने के बाद जैसे ही ऑटो पीपरडीह मोड़ के पास पहुंची, वह बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मेला घूमने के बाद रिश्तेदार के घर जा रहे थे टोटो सवार दूसरी घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा मोड़ के पास हुई, जहां एक टोटो पलट जाने से उस पर सवार चार महिलाओं और बच्चों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। घायलों में नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी मनोज राम, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रभीकर गांव निवासी संतरेश कुमार, उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटी ऋषि कुमारी, बिलट राम की पत्नी मालती देवी, कंठी बीघा गांव निवासी धर्मेंद्र राम की पत्नी मीना देवी और अंबिका राम की बेटी सोनमती कुमारी शामिल हैं। सदर अस्पताल में घायल मनोज राम ने बताया कि सभी लोग उमगा मेला से लौट रहे थे। देर हो जाने के कारण उन्होंने कंचनपुर जाने के बजाय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रविकर गांव स्थित रिश्तेदार के घर जाने का फैसला लिया। ओवरब्रिज से उतरने के बाद सभी एक टोटो पर सवार हुए, जो चतरा मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायलों का आरोप है कि टोटो चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। दोनों घटनाओं में सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.