छत्तीसगढ़ के 115 अटल परिसरों के साथ मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के विभिन्न निकायों में भी अटल परिसर का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअली शामिल हुए।
जिले में नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका मनेंद्रगढ़, नगर पंचायत झगराखांड, खोंगापानी और नई लेदरी में अटल परिसरों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी और उनके योगदान को याद किया। नेताओं ने उन्हें एक सर्वमान्य नेता बताया, जिन्हें सभी दलों के नेता सम्मान से सुनते थे।
पूर्व संसदीय सचिव ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया
पूर्व संसदीय सचिव चंपा देवी पावले ने इस अवसर पर कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था। उन्होंने दावा किया कि आज छत्तीसगढ़ में सुशासन की सरकार है और पूरे प्रदेश में शांति व अमन कायम है। उनके सपनों को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए मनेंद्रगढ़ उपाध्यक्ष
हालांकि, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। कार्यक्रम के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पटवा ने वीडियो में कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने इसे अपमानित करने का प्रयास बताते हुए कहा, ‘जहां मेरा सम्मान नहीं होगा, मैं उस कार्यक्रम में कैसे जाऊं?’
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.