अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित कोठीहाट चौक पर मंगलवार रात करीब 9 बजे एक कॉस्मेटिक दुकानदार को गोली मार दी गई। दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने लूटपाट का विरोध करने पर दुकानदार अरुण कुमार केसरी पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों ने हथियार लहराते हुए दुकान में प्रवेश किया और दुकानदार से पैसे की मांग की। जब अरुण कुमार केसरी ने पैसे न होने की बात कही, तो हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली सीधे दुकानदार को लगी। घटना के समय दुकान पर उनका बेटा भी मौजूद था, जिसने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने एक्स-रे कराने की दी सलाह अरुण कुमार केसरी कोठीहाट वार्ड संख्या 17 के निवासी और स्वर्गीय परमेश्वर प्रसाद के पुत्र हैं। वे लंबे समय से कॉस्मेटिक का कारोबार कर रहे हैं। अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक मुन्ना कुमार ने बताया कि केसरी को गोली लगने से चोट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि गोली शरीर से बाहर निकल गई प्रतीत होती है और फिलहाल उन्हें एक्स-रे कराने की सलाह दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और बेहतर सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। व्यापारियों में डर का माहौल है क्योंकि इलाके में पहले भी लूट और गोलीकांड की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.