Ambala News: अंबाला जिले में लोग इस ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं और गांवों में लोग आग जलाकर पुराने दिनों को याद करते हुए भी नजर आए हैं. बता दें कि बीते दिनों से लगातार पड़ रही ठंड का असर अब मजदूरों के कामकाज पर भी सीधा पड़ रहा है और वह अब आसमान साफ व सूरज निकलने का इंतजार कर रहे हैं.
इस बारे में जब लोकल 18 की टीम ने ग्रामीणों से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि इस बार ठंड काफी देरी के साथ पड़ना शुरू हुई है, लेकिन बीते कुछ सालों के मुकाबले ठंड ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. शाहपुर निवासी बंटी ने बताया कि इस बार ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है और वह ठंड से बचाव के लिए घरों में हीटर व अंगीठी का सहारा ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए वह गर्म पानी दे रहे हैं और साथ में गर्म कपड़े व रजाईयों से बचाव कर रहे हैं.
आग जलाकर पुराने दिनों को कर रहे याद
सुखविंदर सिंह ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से ठंड काफी ज्यादा पड़ना शुरू हो गई है और इस बार अनुमान है कि ठंड पिछले साल के मुकाबले रिकॉर्ड तोड़ डालेगी. उन्होंने बताया कि वह गांव में आग जलाकर अपने पुराने दिनों को याद कर रहे हैं, क्योंकि पहले वह इसी तरह गावों में इकट्ठे बैठकर आग सेका करते थे. उन्होंने बताया कि इस तरह से आपसी भाईचारा बना रहता है और एक-दूसरे का सुख-दुख बांटने का यह अच्छा मौका होता है.
मजदूरों को नहीं मिल रहा काम
निर्मल सिंह ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलता है, जिसके कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है. ऐसे में वह धीमी गति से अपने वाहनों को चलाते हैं. उन्होंने बताया कि वैसे तो यह कोहरा गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद होता है, लेकिन इस कोहरे के कारण ठिठुरन भी बढ़ जाती है. वहीं अमर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी का काम करते हैं, और ठंड का असर अब उनके रोजगार पर भी देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सुबह वह अपने घरों से दिहाड़ी के लिए लेबर चौक पर आ जाते हैं, लेकिन ठंड के कारण उन्हें काम भी नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए वह गर्म कपड़े पहन रहे हैं और साथ में गर्म चीजों का सेवन भी कर रहे हैं.
गाड़ियों की गति पर भी लगाम
मजदूर राहुल ने बताया कि वह टाइल पत्थर की दुकान में गाड़ी लोडिंग का काम करते हैं, लेकिन बीते दिनों से पड़ रही ठंड के कारण अब उनका काम भी प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि सुबह और रात के समय कोहरा काफी ज्यादा छाया रहता है, जिस वजह से गाड़ियों की गति पर भी लगाम लग गई है. संजय ने कहा कि ठंड के बीच काम की तलाश में वह घरों से तो रोजाना आ जाते हैं, लेकिन उन्हें अब कोहरा होने की वजह से काम नहीं मिल रहा है. उन्होंने बताया कि वह सभी मजदूर आग जलाकर ठंड से अपना बचाव कर रहे हैं और इंतजार कर रहे हैं कि कोई व्यक्ति उन्हें आकर काम दे, ताकि वह भी अपना गुजारा कर सकें.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.