Ambala Latest News : अंबाला के श्री राधा कृष्ण खाटू श्याम मंदिर में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. मेहंदी, रासलीला, निशान यात्रा और भव्य संकीर्तन जैसे कार्यक्रमों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबेगा. देशभर से आए भजन गायक और संत श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे.
प्रेसवार्ता में जारी हुए निमंत्रण कार्ड
महोत्सव को लेकर खाटू श्याम सभा के सदस्यों ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की और निमंत्रण कार्ड जारी किए. सभा के सदस्य सोनू सेठी ने बताया कि राजस्थान की तर्ज पर अंबाला में भी हर साल फाल्गुन महोत्सव मनाया जाता है. इस बार भी तीनों दिन अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है.
पहले दिन मेहंदी और रासलीला का आयोजन
महोत्सव के पहले दिन बाबा खाटू श्याम जी को मेहंदी अर्पित की जाएगी. कार्यक्रम में पहुंची संगत को भी मेहंदी लगाई जाएगी. इस अवसर पर संदीप नटखट आर्ट ग्रुप द्वारा भव्य रासलीला प्रस्तुत की जाएगी. भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन का आनंद लेंगे और बाबा की भक्ति में सराबोर होंगे.
दूसरे दिन निकलेगी भव्य निशान यात्रा
महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर 1 बजे मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी. मान्यता है कि सच्चे मन से निशान अर्पित करने पर बाबा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. यह यात्रा मंदिर से शुरू होकर अंबाला शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी. यात्रा के दौरान श्याम प्रेमी फूलों के साथ होली खेलेंगे और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आएंगे.
शाम को होगा भव्य संकीर्तन
उसी दिन शाम को संकीर्तन महोत्सव आयोजित होगा. इसमें वृंदावन के श्रद्धेय गोविंद दास और अंबाला की बेबी हनी भजनों की प्रस्तुति देंगे. तीसरे दिन 28 फरवरी की शाम 7.15 बजे भव्य संकीर्तन होगा, जिसमें श्रेष्ठ दीक्षित कानपुर से, अपर्णा मिश्रा और अनंत मिश्रा बरेली से, कपिल अग्रवाल अंबाला से और करण म्यूजिकल ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे.
संतों का मिलेगा आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान मनीषी श्री ज्ञानानंद जी महाराज और सतगुरु दरबार वाले मुक्तसर साहिब भी श्याम प्रेमियों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे. तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था रहेगी.
भव्य श्रृंगार और कूपन व्यवस्था
संकीर्तन वाले दिन बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसके लिए कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए हैं. निशान चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को 101 रुपये का कूपन लेना होगा, जो मंदिर परिसर में उपलब्ध रहेगा. आयोजकों का कहना है कि इस महोत्सव में आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और पूरा अंबाला भक्ति रस में डूबा नजर आएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.