अलवर। शहर में एक युवक के साथ कथित मारपीट और लूटपाट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवादी सोनपाल उर्फ सोनू (27) निवासी गुणसार बीबीरानी, तहसील कोटकासिम, जिला खैरथल-तिजारा ने आरोप लगाया है कि 16 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच वह अपने परिचित हरकेश के साथ टेल्को सर्किल स्थित होटल हांडी दरबार के पास चाय की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान डिफेन्स कॉलोनी निवासी अशोक और दीपक अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। सोनपाल के अनुसार चारों युवक नशे में थे और अशोक के हाथ में बेसबॉल बैट था। आरोप है कि गाली-गलौच के बाद उसके साथ मारपीट की गई। दीपक द्वारा बाल पकड़कर गिराने और गुप्तांग पर लात मारने का आरोप लगाया गया है, जबकि अशोक पर बेसबॉल बैट से वार कर बायां हाथ फ्रैक्चर करने का आरोप है। बीच-बचाव करने आए हरकेश के साथ भी मारपीट कर उसे बेहोश करने का आरोप लगाया गया है। सोनपाल ने यह भी दावा किया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 2800 रुपये और गले से करीब 52 ग्राम वजनी चांदी की चैन छीन ली गई। साथ ही शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की बात कही गई है। वहीं दूसरी ओर क्यूआरटी जवान अशोक ने इन आरोपों को निराधार बताया है। अशोक का कहना है कि 15 जनवरी को सोनपाल ने एक पड़ोसी दुकानदार के साथ मारपीट की थी। 16 जनवरी को वह रीट परीक्षा ड्यूटी से लौट रहा था, तब सोनपाल को गली के पास आपत्तिजनक स्थिति में देखकर टोका गया, जिस पर कहासुनी हो गई। अशोक के अनुसार कुछ देर बाद सोनपाल अपने 4-5 साथियों के साथ आया और उसके साथ मारपीट की। उसे बचाने आए कॉलोनी निवासी एक लेक्चरर दीपक के साथ भी मारपीट की गई। अशोक का कहना है कि उसने अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और उसके पास मारपीट के प्रमाण भी मौजूद हैं। अशोक ने यह भी कहा कि वह किसी प्रकार का नशा नहीं करता और सोनपाल पर कॉलोनी में दादागिरी करने व आए दिन विवाद करने के आरोप लगाए।फिलहाल मामला पुलिस और न्यायालय के संज्ञान में है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.