आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगढ़ टोल नाके पर एक 22 चक्का ट्रेलर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब और बीयर की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। आबकारी आयुक्त राजस्थान के निर्देश और एडिशनल कमिश्नर जोन अजमेर राधेश्याम डेलू के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी तरुण अरोड़ा तथा उपायुक्त ईपीएफ जोन अजमेर विजय जोशी के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल ने यह कार्रवाई की। टीम ने सोमवार को एनएच-48 स्थित किशनगढ़ टोल नाके पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रेलर को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखे चावल के कट्टों के नीचे अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। टीम ने ट्रेलर से 228 कार्टन में भरी 2736 बोतल विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब तथा 335 कार्टन में 8040 केन विभिन्न ब्रांड की बीयर बरामद की। सभी शराब और बीयर पर ‘फॉर सेल इन पंजाब’ अंकित था। आबकारी विभाग ने अवैध शराब और ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी परीक्षित गुजराल सहित आबकारी विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.