बांसवाड़ा जिले में शादी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक की शादी कराने का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने 3 लाख 36 हजार रुपए हड़प लिए। बाद में यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि दुल्हन किसी अन्य युवक से शादी करना चाहती है। पैसे लौटाने से इनकार करने पर पीड़ित ने सदर थाने में तीन लोगों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुरवानिया गांव निवासी केशवलाल पंड्या ने रिपोर्ट में बताया कि अपने पुत्र रजत की शादी के लिए उन्होंने डूंगरपुर जिले के साबला गांव निवासी मुकेश जैन से संपर्क किया। मुकेश ने बांसवाड़ा जिले के नौगामा गांव के दंपती प्रदीप जैन और सीमा जैन से मिलवाया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि उनकी पहचान में विवाह योग्य लड़की है और वे शादी करा देंगे।
इंदौर से लड़की बुलाने के नाम पर खर्च
थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि नवंबर माह में आरोपियों ने कहा कि लड़की को इंदौर से बुलाना होगा, जिसके लिए आने-जाने का खर्च देना पड़ेगा। इस पर 20 और 24 नवंबर को केशवलाल ने प्रदीप जैन के बैंक खाते में कुल 16 हजार रुपए जमा कराए। 20 नवंबर को केशवलाल और उनका पुत्र रजत नौगामा पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात देविका नाम की लड़की और उसके परिजनों से कराई गई। उसी शाम लड़की और उसके परिजन सुरवानिया पहुंचे और रजत से शादी का भरोसा दिलाया।
शादी का खर्च बताकर वसूले लाखों
आरोपियों ने शादी का कुल खर्च 5 लाख 31 हजार रुपए बताया और कहा कि यह राशि पीड़ित पक्ष को वहन करनी होगी। इस पर विश्वास कर केशवलाल ने 10 दिसंबर तक अलग-अलग तारीखों में 3 लाख 20 हजार रुपए प्रदीप जैन के बैंक खाते में जमा कराए।
शादी से इनकार, धमकी देने का आरोप
12 दिसंबर को तीनों आरोपियों ने केशवलाल को बताया कि लड़की ने शादी से इनकार कर दिया है और वह किसी अन्य युवक से विवाह करना चाहती है। साथ ही यह भरोसा दिया कि ली गई राशि लौटा दी जाएगी। कई दिन बीतने के बाद भी पैसे नहीं लौटाए गए। तकाजा करने पर आरोपियों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। बाद में तीन किश्तों में कुछ राशि लौटाई गई, लेकिन पूरी रकम वापस नहीं की गई।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मुकेश जैन, प्रदीप जैन और सीमा जैन के खिलाफ शादी का झांसा देकर रुपए ऐंठने और धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.