अल्मोड़ा जिले में फायर सीजन शुरू होने को अभी एक महीने का समय बचा है लेकिन फायर सीजन से पहले ही अल्मोड़ा के जंगल धधक रहे हैं। अब कसार देवी रोड के समीप पपरशैली के जंगल में आग भड़कने से करीब दो हेक्टेयर वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई। आग इतनी भयानक थी की फायर सर्विस यूनिट को आग पर काबू पाने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया।
अल्मोड़ा फायर सर्विस को बुधवार की सुबह 4:30 बजे पपरशैली के जंगल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने एक होज रील की सहायता से किसी तरह एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जबकि वन क्षेत्राधिकार मोहन राम आर्या ने बताया कि वन विभाग की आरक्षित भूमि पर अब तक आग की कोई घटना नहीं है। बताया कि मंगलवार की शाम शैल बैंड के पास सुनारखोला वन पंचायत क्षेत्र के जंगल में आग लगी थी।
सूचना के बाद वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को जंगल में फैलने से रोक दिया था। बुधवार को वन विभाग की आरक्षित वन भूमि पर आग लगने की कोई सूचना नहीं है।