सीपत| सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खाड़ा में मंगलवार दोपहर पूजा-अर्चना के दौरान दीये से लगी आग में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार ग्राम पंचायत खाड़ा निवासी अहिल्याबाई सिदार (35 वर्ष), पति धर्मेंद्र सिदार, दोपहर करीब 2 बजे स्नान के बाद घर में पूजा कर रही थीं। इसी दौरान पूजा में जलाए गए दीये की लौ अचानक तेज हो गई। पास में रखे ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें फैल गईं। महिला आग की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी हैं और स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.