हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद थाना क्षेत्र के खुशी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कागसर में कथित अनियमितताओं और छात्राओं के उत्पीड़न का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने कॉलेज परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.
बता दें कि खुशी नर्सिंग कॉलेज का विवाद बहुत पुराना है. हाल ही में पिछले दिनों छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे. उनका कहना था कि उन पर कॉलेज में भद्दे गाने चलाकर नाचने का दबाव बनाया जाता है. विरोध करने पर स्टाफ द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है. छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और पढ़ाई के नाम पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. ऐसे में महिला आयोग की चेयरपर्सन ने छात्राओं को हिसार के लघु सचिवालय बुलाया था. जहां छात्राओं ने चेयरमैन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं.
नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का कहना था कि चेयरमैन लगातार उनका यौन उत्पीड़न करता है और हॉस्टल में बने कमरों तक शराब पी कर बेधड़क आता-जाता है. आरोप है कि वह छात्राओं के बाथरूम तक में घुस जाता था, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं. छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि जो लड़कियां चेयरमैन का विरोध नहीं करतीं या उसके साथ सहयोग करती हैं, उन्हें खुलेआम विशेष सुविधाएं दी जाती हैं और उनका सार्वजनिक रूप से जन्मदिन तक मनाया जाता है. वहीं, जो छात्राएं इसका विरोध करती हैं, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है और बेवजह परेशान किया जाता है. हालांकि, इस दौरान कॉलेज संचालक बैठक में खड़े होकर लगातार यह मांग करता रहा कि उसे भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाए.