अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से जिले के 114 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होंगी। इस बार कुल 71,998 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षाओं को नकलविहीन और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों को पांच जोन और 27 सेक्टर में विभाजित करते हुए मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नकलविहीन परीक्षा कराएंगे।
हाईस्कूल की परीक्षा पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे हिंदी की परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। परीक्षाओं की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 5,370 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पांच अतिसंवेदनशील और तीन संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दो-दो स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।
बॉक्स
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी
परीक्षाओं की निगरानी के लिए तीन स्तरों पर सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर परीक्षा को प्रभावित करने के प्रयासों पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम का नंबर 7398907236 जारी किया गया है, जहां से परीक्षा संबंधी किसी भी शिकायत या सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
उत्तर पुस्तिका की सुरक्षा और परीक्षार्थियों के लिए निर्देश
डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि उत्तर पुस्तिका के पन्नों की अदला-बदली या छेड़छाड़ रोकने की पूरी जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों की होगी। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उत्तर पुस्तिका का कोई भी पन्ना फाड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका के अंदर कहीं भी अपना नाम या पहचान संबंधी कोई चिह्न नहीं बना सकते, ऐसा पाए जाने पर उनकी परीक्षा निरस्त की जा सकती है।
बॉक्स
प्रश्न पत्रों की डबल लॉक अलमारी में सुरक्षा
इस बार बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों को डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखा गया है। कुल चार अलमारियों का प्रयोग किया जाएगा। पहली अलमारी में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रथम पाली के प्रश्नपत्र, दूसरी में द्वितीय पाली के प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। तीसरी अलमारी में पेपर बांटने के बाद बचे हुए प्रश्नपत्र और चौथी अलमारी में अतिरिक्त प्रश्नपत्र होंगे, जिन्हें विशेष परिस्थितियों में ही खोला जाएगा। इन अलमारियों की चाबियां थाना अध्यक्ष, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के पास रहेंगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को स्ट्रांग रूम में प्रवेश न मिले।
——————————
यूपी बोर्ड परीक्षा एक नजर में
उत्तरपुस्तिका संकलन केंद्र- जीआईसी अकबरपुर, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर, श्रीमती सुमित्रा देवी शुक्ला राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आलापुर।
परीक्षा केंद्र-114
राजकीय-9
सहायता प्राप्त-47
वित्तविहीन-58
संवेदनशील-03
अतिसंवेदनशील-05
कुल विद्याार्थी-71,998
हाईस्कूल में परीक्षार्थी-36,901
बालक-17,968
बालिका-18,933
इंटरमीडिएट में परीक्षार्थी-35,097
बालक-16,420
बालिका-18,677
वाह्य कक्ष निरीक्षक- 2,379
बेसिक शिक्षक-2,217
माध्यमिक शिक्षक-262
आंतरिक कक्ष निरीक्षक-2,991
सेक्टर मजिस्ट्रेट-27
स्टेटिक मजिस्ट्रेट-114
सचल दल-6
जोनल मजिस्ट्रेट-5
केंद्र व्यवस्थापक-114
वाह्य केंद्र व्यवस्थापक-114
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.