कबीरधाम जिले के बाजार चारभाठा धान संग्रहण केंद्र से 22 हजार क्विंटल से अधिक धान के गायब होने का मामला सामने आया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसे चूहों ने खा लिया है। इस मामले में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार को विपणन विभाग के DMO कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। आक्रोशित कार्यकर्ता चूहे पकड़ने का पिंजड़ा लेकर कार्यालय पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से अधिकारी को भेंट किया। किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में घोटाले कोई नई बात नहीं हैं।
पहले नान घोटाला जैसे बड़े मामले सामने आ चुके हैं और अब कवर्धा जिले में सात करोड़ रुपए का धान गायब होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि संग्रहण केंद्र से इतनी बड़ी मात्रा में धान का गायब होना और उसे चूहे-दीमक पर डाल देना खुलेआम भ्रष्टाचार का संकेत है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि बाजार चारभाठा धान संग्रहण केंद्र की SIT जांच कराई जाए, तत्कालीन प्रभारी के खिलाफ FIR दर्ज हो और गायब धान की राशि की वसूली की जाए। चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारियों को भ्रष्टाचार की खुली छूट मिली हुई है। सात करोड़ रुपए के धान को चूहों द्वारा खा जाने की बात कहना जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.