अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में राजसमंद के तेरापंथ महिला मंडल राजनगर एवं कांकरोली के संयुक्त तत्वावधान में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर विशाल सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 200 महिलाओं का पैप स्मीयर टेस्ट कर सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई।
इससे पूर्व स्वास्थ्य भवन में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जैन मुनि सुरेश कुमार के सहवर्ती मुनि संबोध कुमार ‘मेधांश’ ने कहा कि “संयम खलु जीवनम्” से ही स्वस्थ जीवनशैली की शुरुआत होती है। आज बेमेल खान-पान, अनियमित दिनचर्या और बढ़ते तनाव के कारण कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। यदि व्यक्ति स्वस्थ रहेगा, तभी राष्ट्र निरामय बन सकेगा।
मुनि विशाल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर खतरनाक अवश्य है, लेकिन समय पर जांच और संयमित जीवनशैली अपनाकर इससे बचाव संभव है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है।
पढ़ें: सोयाबड़ी की आड़ में शराब तस्करी, मंडार पुलिस ने 1.20 करोड़ की खेप पकड़ी; तस्कर गिरफ्तार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि जैन दर्शन के पांच सिद्धांत अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह यदि जीवन में आत्मसात कर लिए जाएं तो स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। सरल और संतुलित जीवनशैली अपनाकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों पर विजय पाई जा सकती है। इस अवसर पर सीएमएचओ हेमंत बिंदल एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में रितु धोका, मनीषा कच्छारा, कल्पना बड़ोला, निरुपमा धारीवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। शिविर में डॉ. ममता प्रजापत, डॉ. भव्या, डॉ. ममता, डॉ. अपराजिता शर्मा, पायल खिंची, रेखा सेरसिया, ईफती खान एवं दीपिका मेघवाल ने सेवाएं प्रदान कीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.