पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब में लोगों की सुविधा के लिए 1300 और नई बसें खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी के कर्मचारी भी उनका परिवार हैं। पंजाब सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों को मानकर उन्हें राहत दे रही है।
भुल्लर ने कहा कि अब राज्य में प्राइवेट बसों से ज्यादा सरकारी बसें चल रही हैं। सभी गैर-कानूनी और बिना परमिट वाली बसों को बंद करवा दिया गया है। भुल्लर शनिवार को पटियाला में पीआरटीसी मुख्यालय पहुंचे थे। इस मौके पर हरपाल जुनेजा ने पीआरटीसी के नए चेयरमैन के तौर पर पदभार संभाला। मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने हरपाल जुनेजा को बधाई दी। अमन अरोड़ा ने कहा कि उम्मीद है कि जुनेजा के कार्यकाल में पीआरटीसी अब और भी ऊंचाइयों को छुएगी।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आप के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक मेहनती नेता को नई जिम्मेदारी दी है। उम्मीद है कि हरपाल जुनेजा बिना भेदभाव के ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ लोगों और पार्टी की सेवा करेंगे। एक सवाल के जवाब में चीमा ने कहा कि पंजाब को केंद्रीय बजट से बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री पंजाब के साथ इंसाफ करते हुए इस बजट में पंजाब का 8500 करोड़ रुपये का रूरल डवेलपमेंट फंड (आडीएफ) जारी करेंगे। बाढ़ के मुआवजे के तौर पर घोषित 1600 करोड़ रुपये के साथ-साथ पंजाब की तरफ से बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे के लिए भेजे गए प्रस्ताव के 20,000 करोड़ रुपये भी दिए जाएंगे। इसके अलावा गांव के मजदूरों के लिए मनरेगा स्कीम को भी बहाल किया जाना चाहिए।
पीआरटीसी की बस सेवा सुविधाजनक बनाएंगे : जुनेजा
पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने कहा कि पीआरटीसी की ओर से जल्द ही किलोमीटर स्कीम के तहत 254 बसें, 100 मिनी बसें और 309 बड़ी नई बसें डाली जाएंगी। पीआरटीसी की बस सेवा को अब और सुविधाजनक व आधुनिक बनाया जाएगा। जिससे सवारियों को यात्रा करते समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मौके पर नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, डिप्टी मेयर जगदीप सिंह जग्गा, जिला प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर मेहता, चेयरमैन बलजिंदर सिंह ढिल्लों व चेयरमैन जस्सी सोहियां वाला भी मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.