सागर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। खुरई स्थित एक सरकारी बालिका छात्रावास में रहने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ पिछले चार महीनों से दुष्कर्म किया जा रहा था। मामला तब खुला जब मासूम की तबीयत बिगड़ी और वह गर्भवती पाई गई। फिलहाल पीड़िता को गंभीर हालत में भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले दो वर्षों से इस हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी की पहचान अल्ताफ के रूप में हुई है, जो हॉस्टल में सब्जी सप्लाई करने का काम करता था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर 2025 को आरोपी जबरन उसके कमरे में घुस आया और दरवाजा बंद कर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से वह लगातार छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाता रहा।
ये भी पढ़ें- भाई से पहले आरोपी ने नाबालिग का शव ठिकाने लगाने के लिए दोस्त को किया था काॅल
वार्डन को दी जानकारी, तब टूटा चुप्पी का चक्र
छात्रा ने जब हिम्मत जुटाकर अपनी आपबीती हॉस्टल वार्डन को सुनाई, तो हड़कंप मच गया। वार्डन ने तत्काल इसकी सूचना विदिशा में रह रहे छात्रा के परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में खुरई पहुंचे और बेटी की हालत देख उसे भोपाल ले गए, जहां मेडिकल जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज वारदात ने सरकारी छात्रावासों की सुरक्षा की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहे हैं कि एक बाहरी युवक कैसे आसानी से छात्राओं के कमरों तक पहुंच गया। क्या छात्रावास में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। हॉस्टल प्रबंधन और वार्डन चार महीने तक इस गंभीर मामले से बेखबर कैसे रहे।
जीरो पर मामला दर्ज, खुरई भेजी गई डायरी
भोपाल की कोहेफिजा थाना पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ जीरो पर एफआईआर दर्ज कर ली है। खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद केस डायरी भोपाल से खुरई भेजी जा रही है। डायरी मिलते ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देगी और मामले की गहन जांच शुरू की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.