प्रखंड क्षेत्र के राइस क्रिकेट मैदान पर शनिवार को जुल्फकार अली भुट्टो राइस प्रीमियर लीग 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर, पुलिस अंचल निरीक्षक प्रशांत कुमार एवं शिक्षाविद डॉ. रविकांत उर्फ अजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। इस अवसर पर आढ़ा के पूर्व मुखिया अनवर इकबाल, उकौड़ा पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि पिंकू सिंह, कौशर सुल्तान, जमुई के जदयू नेता नौशाद मलिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजन समिति के बहादुर मलिक, शेरू मलिक, महताब मलिक, शादाब इमाम एवं जाहिद मलिक ने बताया कि टूर्नामेंट में विभिन्न जिलों की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। सभी मुकाबले 16-16 ओवरों के नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। आयोजकों के अनुसार फाइनल विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही प्लेयर ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। उद्घाटन मैच बिरनामा और अस्थावां के बीच खेला गया, जिसमें बिरनामा ने फरहान की 81 रनों की शानदार पारी और सुमित की 5 विकेट की घातक गेंदबाजी के दम पर 44 रन से जीत दर्ज की। फरहान को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है, वहीं डॉ. रविकांत सिंह ने इसे शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम बताया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.