गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में जली हुई हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना महू खान गांव के पास की बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना किसी दुर्घटना का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव निवासी विकास पुत्र मनोज रघुवंशी वर्तमान में शहर की साईं सिटी कॉलोनी में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह घर से बाल कटवाने जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। लगभग एक घंटे बाद मावन से महू खान जाने वाले मार्ग पर ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक को घायल अवस्था में देखा। पास में उसकी बाइक खड़ी हुई थी।
पढे़ं; खंडवा के आदिवासी गांव में धर्मांतरण का आरोप, दो पक्षों में विवाद के बाद तीन पर केस दर्ज
ग्रामीणों के अनुसार, उस समय युवक अपनी पहचान बताने की स्थिति में था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटनास्थल पर मिले हालात पुलिस के लिए भी उलझन भरे हैं। बताया जा रहा है कि युवक के पास रखे पैसे और जेब का अन्य सामान सुरक्षित मिला, जिस पर किसी प्रकार का नुकसान नहीं पाया गया है।
कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव ने बताया कि युवक इस स्थिति में कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। युवक के परिजनों से भी संपर्क किया गया है, ताकि उसकी दिनचर्या और हालिया गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.