लुधियाना| थाना मेहरबान इलाके में एक युवक से मारपीट कर उसकी एक्टिवा छीनने का मामला सामने आया है। हालांकि वारदात के 13 दिन बाद पुलिस ने लूट की बजाय चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिस पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित सतिंदर पांडे निवासी महावीर कॉलोनी, गांव कका धोला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 फरवरी की रात वह अपनी एक्टिवा (PB10KD-7621) पर गंदे नाला की ओर जा रहा था। रास्ते में चार युवकों ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी एक्टिवा मौके से गायब थी। आरोपी वाहन लेकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद उसने थाना मेहरबान में शिकायत दी। मामले के जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में दर्ज तथ्यों के अनुसार ही केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.