इंदौर में एक युवक फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद संगठित साइबर ठगी का शिकार हो गया। करीब एक माह तक बातचीत का भरोसा बनाने के बाद ठगों ने उसे क्रिप्टो करेंसी USDT में निवेश के नाम पर जाल में फंसा लिया और लाखों रुपए हड़प लिए।
राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने पीड़ित नीरज भागवत, निवासी शिव सागर कॉलोनी की शिकायत पर सुनीता कुमारी सहित अन्य अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे शुरू हुआ ठगी का खेल
नीरज प्राइवेट नौकरी करते हैं। अगस्त माह में सुनीता नाम की युवती ने उन्हें फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। धीरे-धीरे बातचीत फेसबुक मैसेंजर से व्हाट्सएप तक पहुंची। एक महीने की चैटिंग के बाद सुनीता ने उन्हें USDT में निवेश का प्रस्ताव दिया और एक कंपनी का लिंक भेजा। लिंक के जरिए नीरज की एक आईडी बनाई गई, जहां बलवीर नामक व्यक्ति उनसे संपर्क में आया।
पहले मुनाफा, फिर लालच
पहली बार नीरज से 15 हजार रुपए निवेश करवाए गए, जिसमें उन्हें 2500 रुपए का मुनाफा दिखाया गया। इससे भरोसा बढ़ा। इसके बाद बलवीर ने ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर एक नया लिंक भेजा और नया एग्रीमेंट करवाया।
फिर नीरज से 21 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। बलवीर को 13 हजार रुपए कमीशन देने के बाद नीरज के खाते में 62 हजार रुपए का प्रॉफिट दिखाया गया।
5 दिन की ट्रेडिंग और ठगी की असली चाल
इसके बाद ठगों ने 5 दिन की ट्रेडिंग कराने की बात कही। चौथे दिन तक मुनाफा न होने पर नीरज ने ट्रेडिंग छोड़ने की इच्छा जताई। इस पर ठगों ने कहा कि कंपनी की शर्त के अनुसार ट्रेडिंग छोड़ने पर पहले मिले मुनाफे का 50% पेनल्टी लगेगा।
आखिरी दिन नीरज के अकाउंट में 42 लाख रुपए का प्रॉफिट दिखाया गया, लेकिन इसे निकालने के लिए पहले 30% कमीशन यानी करीब 12 लाख रुपए जमा करने की मांग कर दी गई।
शक हुआ, तो फ्रीज कर दिया अकाउंट
तब नीरज को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने रुपए देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनका ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज कर दिया। नीरज के अनुसार, पांच दिन की इस पूरी प्रक्रिया में उनसे करीब 8 लाख रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराए गए।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने साइबर सेल और राजेन्द्र नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.