यमुनानगर के थाना सदर जगाधरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में फैक्ट्री में काम करने जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों नाइट शिफ्ट के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में आई एक अन्य मोटरसाइकिल चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके चाचा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जगाधरी सदर थाना पुलिस ने चाचा के बयान पर फरार बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाइट शिफ्ट में एक साथ जाते थे चाचा-भतीजा शिकायतकर्ता सुबे सिंह निवासी गांव चुहड़पुर खुर्द, थाना छछरौली ने पुलिस को बताया कि वह मानकपुर स्थित योर्क फैक्ट्री में कार्यरत है। उसके साथ उसका भतीजा दिपांशु पुत्र जसबीर सिंह, उम्र 18 वर्ष, पिछले करीब एक महीने से उसी फैक्ट्री में काम कर रहा था। दोनों की नाइट शिफ्ट रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक रहती थी और वे रोजाना एक साथ ड्यूटी पर जाते थे। सुबे सिंह ने बताया कि शाम करीब 7:15 बजे उसकी मोटरसाइकिल खराब हो गई, जिसके चलते वह अपने दूसरे भतीजे की स्प्लेंडर बाइक लेकर दिपांशु के साथ काम पर निकला। बाइक दिपांशु चला रहा था और वह पीछे बैठा था। गलत दिशा से आई बाइक ने मारी टक्कर करीब 7:50 बजे जब वे गांव पजेटो में धरम पब्लिक स्कूल के सामने पहुंचे, तभी जगाधरी की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल उनकी साइड में घुस गई और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर गिरने से उसे दाहिनी टांग, बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि दिपांशु के सिर और कान में गंभीर चोटें लगीं। उसके सिर व कान से काफी खून बहने लगा। हादसे काे अंजाम देकर आरोपी चालक अपनी स्पलेंडर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिवार का इकलौता बेटा था सूबे सिंह ने बताया कि हादसे के कुछ ही देर बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने दिपांशु को मृत घोषित कर दिया। सूबे सिंह ने बताया कि दिपांशु अपने परिवार का इकलौता बेटा था और वह पिछले महीने ही 18 साल का हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.